फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आग से कई गांव तबाह हुए

Sun, 10 Apr 2016 10:51 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
बांसी क्षेत्र में आग लगने से जला घर। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
तेज पछुवा हवाओं के साथ भड़की आग ने रविवार को जिले में जमकर कहर बरपाया। विभिन्न क्षेत्रों में लगी आग से आधा दर्जन से अधिक गांव तबाह हो गए हैं। दो सौ से अधिक घर जल गए। हजारों बीघा फसल जल कर बर्बाद हो गई।
विज्ञापन

आग की चपेट में आने से इटवा के मनभरिया गांव में बुजुर्ग की मौत हो गई। यहीं के लक्ष्मणपुर गांव में 40 वर्षीय महिला बुरी तरह झुलस गई है। ढेबरुआ के कचरिहवा गांव में भी एक व्यक्ति आग से झुलस गया। कई मवेशियों की मौत हो गई। 
सुबह 11 बजे से शुरू हुआ आग का तांडव जिले में सात घंटे तक चलता रहा। इस दौरान ग्रामीणों के साथ पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें बेबस बनी रही। भयंकर आग को देखते हुए ग्रामीण गांव छोड़कर फरार हो गए थे जो देर शाम को वापस लौटे। आग की आपदा में कई बच्चों के लापता होने की सूचना है।
विज्ञापन

आग का कहर सुबह 11 बजे से शुरू हुआ।
पहले मोहाना थाना क्षेत्र के निबियहवा गांव के सिवान में आग लगी। तेज हवा से भड़की आग ने चंद मिनटों में ही मुड़िला, केवटलिया, तिघरा, सेमरी, खैराती, बतिला, बगही, बरदहवा, ककरहवा के सिवान को चपेट में ले लिया।
आग की लपटें तिघरा गांव में भी घुस गई। भीषण आग में गांव के दो दर्जन से अधिक घर जल गए। ढेबरुआ थाना अंतर्गत तौलिहवा गांव के फुलवरिया टोला में आग लगी। कुछ ही देर में आग ने कचरिहवा टोले को चपेट में ले लिया। आग की प्रचंड लपटों में पूरा गांव आ गया।
करीब 70 घर आग की भेंट चढ़ गए। आग की चपेट में आने से रामशंकर झुलस गए। 
ओमप्रकाश का ट्रैक्टर भी जल गया। मंथोरे देवी, चीनक की बकरी जल मरी। इटवा थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में कुल 150 घरों में से करीब 60 आग की भेंट चढ़ गए। पास के मनझरिया गांव के 100 आशियानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। आग के बीच घिरे 70 वर्षीय कमला प्रसाद चौधरी ने दम तोड़ दिया।
लक्ष्मणपुर गांव में तीरथ हरिजन की 50 वर्षीय पत्नी आग में झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गोरखपुर रेफर कर दिया गया। इटवा, गोल्हौरा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित एक दर्जन से अधिक गांवों में लगी एक हजार बीघा गेहूं की फसल भी आग में राख हो गई।
पथरा थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव में दोपहर साढ़े 12 हशीश के खेत से लपटें उठनी शुरू हुई। कुछ ही देर में पूरा गांव आग की जद में आ गया। यहां 50 कच्चे-पक्के मकान आग में जल गए। कल्लू के घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया।
आग की विकराल लपटों के आगे खुद को बेबस पाते हुए ग्रामीण गांव छोड़ कर भाग खड़े हुए। शाम 5 बजे आग नियंत्रित होने पर ग्रामीणों की वापसी का सिलसिला शुरू हुआ। इसमें कई बच्चे गायब थे। लोटन के बेलवा गांव में आग से आधा दर्जन घर राख हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें