फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोल्ड ड्रिंक पीने से सात बीमार

Fri, 19 May 2017 10:38 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
बेंवा सीएचसी में बीमार का चल रहा इलाज। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भनवापुर। त्रिलोकपुर क्षेत्र के भीटा नानकार गांव में गुरुवार की रात कोल्ड ड्रिंक पीने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें भनवापुर पीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेंवा सीएचसी रेफर कर दिया। प्रारंभिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर किशोरी समेत दो लोगों को बस्ती जिला अस्पताल भेज दिया गया। सूचना पाकर खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
विज्ञापन

भीटा नानकार निवासी शीतला प्रसाद तिवारी के घर गुरुवार की शाम इटवा से रिश्तेदार आए थे। अपने साथ वह कोल्ड ड्रिंक व मिठाई भी लाए। घर पहुंचने पर परिवार के बच्चे मैंगो जूस वाला कोल्ड ड्रिंक पीने की जिद करने लगे, जिसके बाद गांव स्थित दुकान से एक अन्य बोतल कोल्ड ड्रिंक मंगाई गई। परिवार के सदस्य दोनों बोतलों से कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद अपने काम में जुट गए। शाम करीब सात बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में रंजना (30), गिरजेश (20), दिवाकर (10), संजू (22), प्रीति (15), सूरज (5), सलोनी (6) एक-एक कर उल्टी-दस्त से पीड़ित हो गए। हालत बिगड़ता देख सभी को एंबुलेंस से भनवापुर पीएचसी ले जाया गया, जहां हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने बेंवा सीएचसी भेज दिया। प्रारंभिक उपचार के बाद प्रीति व गिरजेश को बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अन्य सदस्यों को शुक्रवार की दोपहर में बेंवा सीएचसी से छुट्टी दे दी गई। सूचना पाकर त्रिलोकपुर के प्रभारी एसओ राजेश दुबे ने मौके पर पहुंचकर छानबीन व परिजनों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि कोई तहरीर अब तक नहीं मिली है। उधर, दोपहर बाद डुमरियागंज के खाद्य सुरक्षा अधिकारी इंद्रदेव ने गांव में पहुंचकर परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली। बयान के आधार पर गांव स्थित गुलाम सरवर की दुकान से कोल्ड ड्रिंक का नमूना सील किया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके त्रिपाठी ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक के सेवन से तबीयत बिगड़ने की बात परिवार के लोगों ने बताई है। छानबीन की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें