पोखरे में मानव कंकाल मिलने से सनसनी
कपड़े-लंबे बालों के आधार पर कंकाल महिला का माना जा रहा है
संवाद न्यूज एजेंसी
पचमोहनी। इटवा थानाक्षेत्र के गांव जगजीवनपुर स्थित पोखरे में बुधवार सुबह कुछ लोगों ने मानव कंकाल पड़ा हुआ देखा। कंकाल के पास ही लंबे बाल और सलवार सूट मिलने से माना जा रहा है कि कंकाल किसी महिला का होगा। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा, बाल और कपड़ों को फोरेंसिक जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
जगजीवनपुर गांव के कुछ लोग बुधवार की सुबह गांव के पूरब स्थित पोखरे में मछली का शिकार करने गए थे। मछली आसानी से पकड़ में आए इसलिए पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाया गया। पानी कम हुआ तो पोखरे में मानव कंकाल दिखा। कंकाल देखकर लोग वहां से भाग निकले। धीरे-धीरे कंकाल मिलने की चर्चा पूरे गांव में फैल गई और पुलिस को इसकी सूचना मिली। प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलवाया गया। फोरेंसिक यूनिट के प्रभारी वेदप्रकाश मिश्र ने मौके पर मिले बाल, कपड़े इत्यादि एकत्र किए। बाल और कपड़े देखकर उन्होंने अनुमान लगाया कि मृतक कोई महिला हो सकती है। प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कंकाल क्षेत्र की एक युवती की होने की चर्चा
कंकाल मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर गर्म है। लोग चोरी छिपे चर्चा कर रहे हैं कि कंकाल शायद गांव की एक युवती का है जो जून 2020 में संदिग्ध हाल में लापता हो गई थी। चर्चा है कि इसी गांव की कक्षा 12 में पढ़ने वाली लड़की घर से अचानक लापता हो गई थी। कुछ दिन बाद वह घर लौटकर आई लेकिन दोबारा लापता हो गई। लड़की के पिता ने एक व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का केस भी दर्ज कराया था। केस दर्ज होने के बाद से न तो आरोपी का कुछ पता चला और न ही लड़की का।