जिले के बैंकों में सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी
इटवा में हो चुकी है बैंक में चोरी, लगे सीसीटीवी कैमरे भी पूरी तरह ठीक नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिले के अधिकतर बैंकों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैैं। शहर में स्थित बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी पूरी तरह से सही नहीं है। करीब एक माह पूर्व एसपी विजय ढुल के बैंकों के निरीक्षण में सीसीटीवी कैमरे की पोल खुल भी चुकी है। जबकि बस्ती और सतंकबीरनगर में हाल में हुई बैंकों में लूट और एटीएम में हुई चोरी यह बताने के लिए काफी है कि बैंकों में रखी रकम कितनी सुरक्षित है। कुछ ऐसा ही हाल जिले के बैंकों का भी है।
सुरक्षा के नाम पर बैंक अफसर सिर्फ सीसीटीवी कैमरे की दुहाई देते हैं। बस्ती, संतकबीरनगर में हुई वारदात ने बैंकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में भी बैंक सुरक्षा के सभी मानक पूरे नहीं करते हैं। एक साल पहले इटवा के अर्बन कोऑपरेटिव बैंक में चोरी का प्रयास किया गया था। गैस कटर से एटीएम काटी गई थी। गनीमत यह थी कि रकम नहीं ले जा पाए थे। करीब छह माह पूर्व शोहरतगढ़ में एक बैंक से एक व्यक्ति ने बैंक के अंदर ही रकम की अदला-बदली कर ली थी। मामले में पीड़ित ने तहरीर दी तो जांच शुरू हुई। बैंक में जब पुलिसकर्मियों ने पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगलाना चाहा तो पता चला कि कैमरे काम नहीं कर रहे थे। बांसी में ग्राहक सेवा केंद्र से करीब एक लाख से अधिक की लूट हुई थी, वहां भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। ऐसे कई मामले में जिले में आ चुके हैं, जिनका लिखा-पढ़ी में कोई जिक्र ही नहीं है। शहर के एसबीआई बैंक को छोड़ दे तो कहीं भी गार्ड की व्यवस्था नहीं है। अगर गार्ड हैं भी तो वह सुरक्षा के बजाए फाइलों को इधर-उधर करने में ज्यादा ही व्यस्त रहते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब
ग्रामीण इलाकों में स्थित बैंकों और एटीएम की बात करें तो अधिकांश सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए हैं। शहरी क्षेत्रों में एसबीआई, पीएनबी को छोड़कर अन्य प्राइवेट बैंकों का भी हाल कुछ ऐसा ही है। जबकि इसे लेकर हाल में ही डीएम और एसपी ने बैंक कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा के निर्देश दिए हैं। इसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे है।
गॉर्ड नहीं रख सकते हैं: एलडीएम
लीड बैंक अधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि किसी भी बैंक में गार्ड रखने के नियम नहीं हैं। भारत सरकार ने यह नियम खत्म कर दिए हैं। लेकिन बैंकों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य हैं। अगर किसी बैंक में सीसीसीटी कैमरे खराब हैं, तो संबंधित बैंक मैनेजर की जिम्मेदारी है कि उसे सही कराए। इसके अलावा अब वॉयस रिकॉर्डर वाले कैमरे भी बैंकों में लगाए जा रहे हैं। बताया कि बैंकों और एटीएम में अलार्म (सायरन) की सुविधा जरूर होनी चाहिए। जिले में 154 बैंक और 82 एटीएम मौजूदा समय में हैं।
नोटिस देकर सुरक्षा के इंतजाम कराने को कहा गया
बैंकों की सुरक्षा को लेकर हाल में ही बैठक की गई है। सभी को नोटिस देकर सुरक्षा के इंतजाम कराने को कहा गया है। इसके अलावा होमगार्ड और पुलिस के जवानों की ड्यूटी भी बैंकों पर लगवाई जा रही है। बैंकों के निरीक्षण में यह बात भी सामने आई थी कि सीसीटीवी कैमरे और सायरन खराब थे, जिसे सही कराने के लिए कहा गया है।
-विजय ढुल, एसपी।