सिद्धार्थनगर। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर सीमा पर सुरक्षा एजेंसी अलर्ट है। बढ़नी और खुनुवां बार्डर पर बड़े वाहन आते और जाते हैं। इसलिए हर वाहनों की इलेक्ट्रानिक मशीन के जरिए चेकिंग की जा रही है। इसके साथ ही ककरहवा में चार पाहिया और दो पहिया। जबकि अलीगढ़वा में हर बाइक की डिग्गी और झोला देखने के बाद ही आगे बढऩे दिया जा रहा है। पूर्व में पकड़े गए कुछ आतंकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में नेपाल के बार्डर इलाके में मूवमेंट चलाने की बात स्वीकार कर चुके हैं। इसलिए और सतर्कता बरती जा रही है।
गणतंत्र दिवस उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। विद्यालयों में कार्यक्रम होने के साथ ही कार्यालयों औैर गैर सरकारी कार्यालयों में झंडारोहण किया जाता है। देशवासियों के लिए यह बड़ा दिन होता है। देश विरोधी ताकतें हैं जो इस खुशी से नाखुश होते हैं। देश के अन्य हिस्सों में पूर्व में आतंकिया गतिविधियों की बात सामने आ चुकी है। देश में जब भी बड़ा उत्सव या फिर बड़ी घटना होती है तो सरहद पर संवेदनशीलता बढ़ जाती है। कारण नेपाल से लगने वाली जिले की 68 किलोमीटर सीमा पूरी तरह से खुली हुई है। बिना रोकटोक के लोग आते- जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर कोई भी देशी की सीमा में घुसकर कहीं भी आ और जा सकता है।
कई वर्ष पहले पकड़े गए आतंकी अब्दुल करीम टुंडा जांच एजेंसियों की पूछताछ में बता चुका है कि नेपाल सीमा के पास रह चुका है। इसके अलावा बब्बर खालसा ग्रुप से जुड़ा आतंकी मलखान सिंह बाॅर्डर से पकड़ा जा चुका है। इसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों बड़े आयोजन के समय अलर्ट हो जाती हैं। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों चौकस हो गई। सरहद पर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। हर आने और जाने वालों की जांच की जा रही है।
बढनी और खुनुवां बार्डर पर वाहनों की विशेष जांच
नेपाल से लगने वाली जिले की ६८ किलोमीटर सीमा पर बढनी और खुनुवां बार्डर के रास्ते सामान लेकर बड़े वाहन नेपाल में जाते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर उधर से आने आने वाले वाहनों की विशेष जांच की जा रही है। इसमें माल वाहक वाहनों के साथ ही चार पहिया वाहनों की सीट और सामान रखने आदि की जांच की जा रही है। जरुरत के हिसाब से इलेक्ट्रॉनिक मशीन का भी सहारा लिया जा रहा है। वहीं अलीगढ़वा में सभी बाइक की जांच की जा रही है। वहीं, ककरहवा में चार पहिया वाहनों की चेकिंग की जा रही है। सीमावर्ती ढेबरुआ, शोहरतगढ़, कपिलवस्तु, मोहाना, लोटन थाने की पुलिस और एसएसबी के जवान संयुक्त रूप से चेकिंग और पगडंडियों पर गश्त कर रहे हैं। मिलने वाले हर व्यक्ति का पहचान पत्र देखा जा रहा है।
बार्डर के गांवों पर नजर
बार्डर एरिया में दो से चार दिन के बीच आए लोगों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। ग्राम पहरी के साथ ही बीट की पुलिस भी सीमावर्ती गांवों में नजर बनाए हुई है। लोगों से अपील कर रही है कि अगर किसी की गतिविधि संदिग्ध लगे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर बार्डर पर अलर्ट है। सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस टीम संयुक्त मार्च कर रही है। वाहनों की चेंकिंग की जा रही हैं। संदिग्ध दिखने वालों से पूछताछ करके छोड़ा जा रहा है।
प्राची सिंह, पुलिस अधीक्षक
बार्डर पर जवान पूरी तरह से अलर्ट है। गश्त करने के साथ ही आने- जाने वालों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस के साथ संयुक्त गश्त भी किया जा रहा है।
उज्जल दत्ता, कमांडेंट एसएसबी ४३वीं वाहिनी