इटवा। विकास खंड खुनियांव के ग्राम पंचायत लोहटा में जांच के लिए दस्तावेज उपलब्ध कराने के डीएम के आदेश के बावजूद गांव में कार्यरत सचिव, जांच अधिकारी को उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। इसके बाद जांच अधिकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय ने डीएम को पत्र भेजकर दस्तावेज न उपलब्ध कराने वाले सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डीएम को भेजे पत्र में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने कहा कि दर्जनों बार संबंधित सचिवों जय प्रकाश राय व हरेंद्र नाथ पांडेय से दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए बीडीओ, खुनियांव से पत्राचार किया गया। इसके बावजूद बीडीओ दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। बता दें कि उक्त मामला शौचालय अनुदान में हुई हेरा फेरी से जुड़ा है। इसमें शौचालय अनुदान में आई बड़ी रकम का कोई हिसाब नहीं मिल रहा है। इस संबंध में बीडीओ राकेश कुमार शुक्ला ने कहा कि संबंधित सचिवों से दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए पत्राचार किया जा रहा है।