बीएसए ग्राउंड पर आयोजित जनसभा में सुरक्षा के तहत लोगों की जांच करती पुलिस की टीम।
सिद्धार्थनगर। सीएम की सुरक्षा में अमूमन व्यवस्था चौकचौबंद रहती है, लेकिन अतीक हत्याकांड के बाद पुलिस और अलर्ट हो गई है। बृहस्पतिवार को जेल ग्राउंड पर निकाय चुनाव की सभा को संबोधित करने के लिए आए सीएम योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में विशेष चौकसी बरती गई। बिना पास के वीआईपी गैलरी और मीडिया कर्मियों को प्रवेश नहीं दिया गया। हर तरह सुरक्षा पुख्ता इंतजाम रहा।
सीएम योगी आदित्यनाथ निकाय चुनाव के लिए आयोजित सभा को संबोधित करने के लिए जेल रोड स्थित मैदान में पहुंचे थे। कार्यक्रम में हर बार सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहता है, लेकिन इस बार सुरक्षा और कड़ी कर दी गई थी। चेकिंग करने के बाद जहां सामान्य पंडाल में प्रवेश दिया गया। वहीं वीआईपी गेट पर विशेष चेेकिंग की जा रही थी। पास देखने और सूचना विभाग से मिली सूची को देखकर मीडिया कर्मियों को प्रवेश दिया गया। एक अधिकारी ने बताया कि मीडिया कर्मियों की चेकिंग के पीछे का कारण है कि अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या करने वाले मीडियाकर्मी ही बनकर आए थे। ऐसे में हर बड़े और छोटे कार्यक्रम में अधिकृत पास देखने के बाद ही किसी को भी प्रवेश दिया जाएगा।
सीएम के कार्यक्रम के लिए हर तरफ सुरक्षा का घेरा तैयार किया गया। हर प्वाइंट पर सीओ, इंस्पेक्टर और दारोगा तैनात थे। चप्पे- चप्पे पर सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। वहीं मंच पर अधिकृत लोगों को चढ़ने दिया गया। बिना अधिकृत पास वालों को सुरक्षा कर्मियों ने जाने से रोक दिया।