रिक्शा चालक की दूसरी बेटी की भी मिली लाश, पत्नी लापता
तुलसियापुर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ढेबरुआ-डुमरियागंज मार्ग पर आठ दिन पहले रिक्शा सहित बाढ़ में बह गए चार लोगों में बुधवार को एक और लाश मिल गई। यह शव रिक्शा चालक की दूसरी बेटी अनामिका (02) का है। पत्नी राजमती अब भी लापता हैं। रिक्शा चालक नरेंद्र, उनकी दो बेटियां और पत्नी पानी में बह गए थे।
ढेबरुआ थानाक्षेत्र के गोनहा गांव के पश्चिम बुधवार शाम लगभग चार बजे बाढ़ के पानी में लोगों ने शव देखा। ग्रामीणों ने ढेबरुआ पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ढेबरुआ एसओ हरिओम कुशवाहा पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और नाव की सहायता से वहां पहुंच कर लाश को बाहर निकलवाया। उसकी शिनाख्त रिक्शा चालक नरेंद्र की बेटी के रूप में हुई। ढेबरुआ पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तीनों लाशें घटनास्थल के 400 मीटर की परिधि में ही मिली हैं। ढेबरुआ थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा ने कहा कि बरामद लाश रिक्शा चालक नरेंद्र की छोटी पुत्री अनामिका की है। लाश की शिनाख्त भी हो चुकी है। राजमती की तलाश जारी है।