गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से शोध पात्रता परीक्षा-2025 (रेट) का अंतिम परिणाम शुक्रवार की देर शाम जारी कर दिया गया। पीएचडी में प्रवेश के लिए कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। परीक्षार्थी अपना परिणाम प्रवेश पोर्टल पर देख सकते हैं।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष कुमार सिन्हा ने बताया कि आठ फरवरी से शुरू हुई प्रवेश प्रक्रिया के तहत 27 और 28 मार्च को लिखित परीक्षा हुई थी। उसमें 46 विषयों के कुल 2343 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। तीन अप्रैल को घोषित लिखित परीक्षा के परिणाम में 1339 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए अर्ह पाए गए थे। प्रो. सिन्हा ने बताया कि विधि एवं इंजीनियरिंग के परिणाम रविवार को घोषित किए जाएंगे।
परिणाम घोषणा के साथ ही डीडीयू ने प्रवेश प्रक्रिया की रूपरेखा भी स्पष्ट कर दी है। शोध एवं विकास प्रकोष्ठ की ओर से निर्गत सूचना के अनुसार, कैटेगरीवार सीटों का आवंटन और प्रतीक्षा सूची का प्रकाशन 16 मई तक कर दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन 18 से 20 मई के मध्य किया जाएगा। उसके बाद अभ्यर्थी 21 से 25 मई तक शुल्क जमा कर सकेंगे।
27 मई से होगी शोध पर्यवेक्षक आवंटित किए जाने की प्रक्रिया
शोधार्थियों को शोध पर्यवेक्षक या सह-शोध पर्यवेक्षक आवंटित किए जाने की प्रक्रिया 27 मई से नौ जून के बीच संपन्न होगी। नव प्रवेशित शोधार्थियों का कोर्स वर्क जुलाई के द्वितीय सप्ताह से प्रारंभ कर दिया जाएगा।
इस संबंध में कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि प्रवेश के आवेदन से अंतिम परिणाम की प्रक्रिया तीन माह से कम समय में पूरी करना सुखद है। नए सत्र की शुरुआत से ही उनका कोर्स वर्क शुरू हो जाएगा। रेट का अंतिम परिणाम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।