सिद्धार्थनगर। तहसील नौगढ़ में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम कोल्हुआ के टोला बनरहवा के लोगों ने एसडीएम डॉ. ललित कुमार मिश्रा से पुलिया पर अवैध कब्जे की शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने बीस वर्ष पहले बनी पुलिया को पाटकर अवैध कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बावजूद भी पुलिस और राजस्व अधिकारियों कर्मचारियों ने मामले में सुनवाई नहीं की। यदि इस सरकारी पुलिया को नहीं खोला गया तो बाढ़ व बारिश के दौर में गांव के पानी बाहर नहीं निकल पाएगा। खेती डूबेगी तो अधिक नुकसान होगा। इस मामले में एसडीएम ने हल्का लेखपाल को निर्देश दिया कि निष्पक्ष जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत करें। शिकायत करने वालों में केशव राम, लालचंद, सुखराम, सुजीत, धर्मेंद्र, राजदेव, अदालत एवं राजन आदि शामिल थे।