सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु की ओर की ओर से मंगलवार को विज्ञान संकाय और कला संकाय के तहत आने वाले विषयों का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। विद्यार्थी उसे विवि के पोर्टल पर देख सकेंगे।
जानकारी देते हुए कुलपति प्रो. कविता शाह ने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप समयबद्ध अध्ययन-अध्यापन, परीक्षा, मूल्यांकन तथा परीक्षा परिणामों की घोषणा सुनिश्चित कर रहा है। इसी के परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक और परीक्षा संबंधी गतिविधियों के सफल व समयबद्ध संचालन में निरंतर अग्रणी बना हुआ है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के शैक्षणिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप सभी प्रक्रियाओं का संचालन कर रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को विज्ञान संकाय के अंतर्गत एमएससी वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, प्राणी विज्ञान तथा एमएससी गणित चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त एमकॉम चतुर्थ सेमेस्टर, बीबीए चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम भी घोषित किया जा रहा है। इसी प्रकार कला संकाय के अंतर्गत एमए इतिहास, प्राचीन इतिहास, मनोविज्ञान, संस्कृत, अंग्रेजी, उर्दू, हिन्दी, समाजशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, भूगोल, गृह विज्ञान, राजनीति विज्ञान और दृश्य कला विषयों के चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम भी आज घोषित किए जा रहे हैं। संबंधित विद्यार्थी अपने परीक्षा परिणाम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
सूचना व संपर्क अधिकारी अविनाश प्रताप सिंह ने बताया कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (एबीसी आईडी) में पंजीकरण नहीं कराया है, उनका परीक्षा परिणाम प्रदर्शित नहीं किया जा सकेगा। ऐसे विद्यार्थी एबीसी आईडी में पंजीकरण कराने के उपरांत अपना परिणाम प्राप्त कर सकेंगे।