गाइडलाइन अनुपालन के साथ आज से खुलेंगे स्कूल
विद्यालयों को किया गया सैनिटाइज, ग्यारह माह बाद स्कूलों में दिखेगी चहल-पहल
सैनिटाइजर व मास्क के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं से मदद के निर्देश : बीएसए
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लॉकडाउन के कारण करीब ग्यारह माह बाद खुल रहे परिषदीय और निजी विद्यालय कोरोना गाइडलाइन के साथ पूरी तरह तैयार हैं। विद्यार्थियों में भी स्कूल जाने और सहपाठियों से मिलने का उत्साह नजर आ रहा है। विद्यालयों को सोमवार से पढ़ाई शुरू करने के मद्देनजर सैनिटाइज किया गया और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बैठने की व्यवस्था की गई है।
कोरोना संक्रमण काल के शुरुआती दौर के बाद 24 मार्च 2020 को लॉकडाउन घोषित कर दिया गया। इसके बाद से ही सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों में बच्चों के शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। कुछ माह बाद सिर्फ शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई। लगभग दस माह बाद चालू शैक्षणिक सत्र में विद्यालय पहली मार्च से खुल रहे हैं। इन स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा एक से पांच तक बच्चों को लगभग एक माह तक ही पढ़ाई का मौका मिलेगा। जनपद के बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित 2260 प्राथमिक विद्यालयों समेत निजी शिक्षण संस्थाओं, इंटर कॉलेज में रविवार को अवकाश के मद्देनजर शनिवार को ही परिसर में सफाई के साथ ही कक्षाओं में सैनिटाइजेशन का कार्य कराया गया। बीएसए राजेंद्र सिंह ने बताया कि सैनिटाइजर और मास्क की उपलब्धता के लिए क्षेत्र के स्वयंसेवी संस्थाओं से मदद लेने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों में बच्चों के पहुंचने पर तीन बिंदुओं पर ख्याल रखने के लिए सभी शिक्षकों का निर्देश दिए गए हैं। इनमें सोशल डिस्टेंस रखने, सैनिटाइजर और मास्क का उपयोग करने पर जोर दिया जाएगा। इसका उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बीएसए की अध्यक्षता में हुई तैयारी बैठक
कक्षा एक से पांच तक के विद्यालय सोमवार से खुलने जा रहे हैं। इस दौरान कोविड-19 के गाइडलाइन का अनुपालन कराने के लिए बीएसए कार्यालय शनिवार देर शाम खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ बीएसए राजेंद्र सिंह ने बैठक की। इस दौरान शासन के निर्देश का अक्षरश: पालन करने की अफसरों को हिदायत दी गई। उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प, मिशन प्रेरणा, शिक्षक प्रशिक्षण, आधारशिला और बीएलटी प्रशिक्षण की प्रगति, एमडीएम खाद्यान्न, परिवर्तन लागत के वितरण की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिया।
विद्यार्थियों में भी उत्साह जोरों पर
कक्षा दो के अंश त्रिपाठी का कहना है कि बहुत दिन बाद स्कूल खुलेगा। सारे दोस्तों से मिलकर खूब खेलेंगे और पढ़ाई करेंगे। विद्यालय पहुंच कर पहले शिक्षकों को नमस्ते करेंगे और फिर जैसे वह बताएंगे पढ़ाई करेंगे। वहीं, कक्षा दो के हर्षित तिवारी का कहना है कि परिणाम आने के बाद पहली बार विद्यालय खुलेगा। नई कक्षा में जाऊंगा। वहां दोस्त भी मिलेंगे। घर से टिफिन में खूब सारा खाना लेकर जाऊंगा और दोस्तों के साथ खाऊंगा। वहीं, कक्षा तीन की छात्रा ऋतिका का कहना है कि स्कूल बंद होने के कारण घर पर पढ़ाई करती थी लेकिन कक्षा में बैठकर सहेलियों के साथ पढ़ने का आनंद अलग था। सोमवार से विद्यालय खुल रहा है, सहेलियों से मुलाकात होगी, खूब बातें होंगी और पढ़ाई भी। कक्षा पांच के छात्र अबू तलहा का कहना है कि स्कूल खुलने का इंतजार बेसब्री से है। मम्मी-पापा मेरे और दोस्तों के लिए सैनिटाइजर व मास्क लाए हैं। बहुत दिनों के बाद शिक्षकों और सहपाठियों से मुलाकात होगी, बड़ा मजा आएगा।