सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2024 को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकल विहीन कराने के लिए शासन से लेकर प्रशासन तक हर बिंदु पर पैनी नजर रखे हुए है। बोर्ड परीक्षा में केंद्र बनाने के लिए प्रस्तावित कॉलेजों में भी कइयों के बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त होने का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को शासन ने गंभीरता से लिया है।
डीआईओएस सोमारू प्रधान ने क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल ठीक कराने के लिए सभी प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों को कड़ा पत्र लिखा है, साथ ही इस कारण केंद्र बनने से वंचित होने पर संबंधित कॉलेज के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों को उत्तरदायी माना जाएगा। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा 2024 में 92 कॉलेजों के नाम का प्रस्ताव किया गया है। हाल के दिनों में निरीक्षण कि समय ऐसे भी कॉलेजों, स्कूलों की ओर से सुविधाओं का फोटोग्राफ समेत जिक्र किया गया था। इसके बाद भी बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त पाया गया है। ठोठरी और उस्का बाजार स्थित कॉलेज में बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त मिला है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित तहसील स्तरीय जांच समिति के सदस्यों ने स्थलीय सत्यापन कर रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त का मामला आया तो संबंधित विद्यालय अथवा कॉलेज बोर्ड परीक्षा में केंद्र बनने से वंचित हो जाएंगे।