स्वच्छता से देंगे कोरोना वायरस को मात
सिद्धार्थनगर। स्वच्छता से ही कोरोना वायरस को मात दिया जा सकता है, ऐसा डॉक्टरों का कहना है। जब देश के लोग घरों में बैठकर प्रधानमंत्री की अपील पर जनता कर्फ्यू को सफल बनाने में जुटे थे तो वहीं, महिला सफाईकर्मी प्रधानमंत्री के स्वच्छता भारत अभियान को सफल बनाते हुए कोरोना वायरस को मात देने में जुटी दिखीं।
विश्व के लिए संकट बन चुके कोरोना वायरस अभी तक लाइलाज बना हुआ है। संक्रमित होने वालों की तादाद में इजाफा हो रहा है। संक्रमित होने से बचने के लिए चिकित्सक सफाई पर विशेष ध्यान देने, मास्क लगाने, एक मीटर की दूरी पर खड़े होकर बात करने की सलाह दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाह्न पर पूरे देश में आम जनता का कर्फ्यू था। सड़कों पर सन्नाटा था, दुकानें बंद थीं, एकाध पुलिस कर्मियों को छोड़कर कोई दिख नहीं रहा था। इसी बीच जिला अस्पताल के पास तीन महिलाएं हाथ में झाडू़ लिए हुई मिलीं। उनसे जब बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह नगर पालिका से जुड़ी सफाईकर्मी हैं। जब कर्फ्यू में घरों से बाहर निकलने की बात की गई तो वह बोलीं कि साहब कोरोना वायरस को रोकने के लिए स्वच्छता अपनाने के बारे में बताया जा रहा है और प्रधानमंत्री भी स्वच्छता अपनाने की अपील करते हैं। ऐसे में हम कर्फ्यू के समर्थन में तो हैं ही, साथ ही उनके स्वच्छत भारत के सपने को साकार करते हुए कोरोना वायरस को मात देने के लिए सफाई कर रहे हैं और आगे भी सफाई जारी रहेगी। कोरोना वायरस को मात देने के लिए महिला सफाईकर्मी सड़कों पर दिखीं। वह जिला अस्पताल और पुलिस लाइंस के इर्द-गिर्द सड़कों की सफाई की।
----
प्रशासन की लापरवाही आई नजर
जिला प्रशासन ने रविवार को जनता कर्फ्यू के दौरान शहर की सड़कों पर सफाईकर्मी तो उतार दिए, लेकिन उनके स्वास्थ्य की रक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए। महिला सफाईकर्मियों को न तो फेस मास्क उपलब्ध कराए गए और न ही उनको सेनिटाइज करने की कोई व्यवस्था नजर आई। एक महिला सफाई कर्मी ने बताया कि सफाई करने का आदेश है। अधिकारियों ने कोई मास्क नहीं दिया न ही कोई जानकारी दी गई। दुपट्टे या साड़ी के पल्लू से मुंह ढंककर बीमारी से बचाव कर रहे हैं।