उसका थाना में आयोजित समाधान दिवस में किसी ने बैनामा हुई जमीन कब्जा दिलाने तो किसी ने जबरिया जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की
थाना समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
उसका बाजार। थाना परिसर में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें सभी की एक प्रकार की गुहार थी। किसी ने बैनामा की जमीन पर दूसरे के कब्जा का आरोप लगाया तो किसी ने हिस्से से अधिक कब्जा करने की शिकायत करते हुए गुहार लगाई कि सरकार जमीन दिलवा दीजिए।
डीएम पवन अग्रवाल, एसपी अभिषेक अग्रवाल, एसडीएम डॉ. ललित कुमार मिश्र ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण के लिए संबंधित को निर्देश दिए। समाधान दिवस में कई मामले आए। अधिकतर मामले राजस्व से संबंधित आए। मौके पर एक का निस्तारण हुआ शेष के लिए टीम गठित की गई।
डीएम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और राजस्व टीम की मौजूदगी में जमीन विवाद के निस्तारण के निर्देश दिए हैं। समाधान दिवस में ताल बगहिया गांव के राम नारायण यादव ने अपनी बैनामा वाली जमीन में दखलंदाजी करने वाले पड़ोसियों के विरुद्ध प्रार्थनापत्र दिया। सोमई प्रसाद ने पत्थरनसब के बाद भी कब्जा और मेड़बंदी न करने देने वाले के विरुद्ध प्रार्थनापत्र दिया।
सोहांस खास की शारदा देवी ने घर जाने के लिए रास्ता नहीं खाली करने से संबंधित पत्र दिया। इसके लिए पुलिस टीम भेजी गई। महुआ माफी के महेश और भरत ने राजस्व से संबंधित पत्र दिया है।
महुलानी निवासी विजय प्रकाश पांडेय ने सुकरौली स्थित अपनी जमीन से कब्जा हटवाने के लिए पत्र दिया। समाधान दिवस में सीओ अखिलेश वर्मा, एसओ सतेंद्र कुंवर, ईओ अभिनव श्रीवास्तव, एसआई चंद्र शेखर पांडेय, अशोक गुप्ता, सुरेंद्र चौरसिया, कन्हैया, मोहित मिश्र आदि रहे।