सिद्धार्थनगर । एसपी महेंद्र यादव ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में थानाध्यक्षों के साथ क्राइम मीटिंग की। माह में घटित अपराधों और उसमें हुई कार्रवाई की समीक्षा की। जो घटनाएं अभी नहीं खुली है ,उसके जल्द पर्दाफाश के लिए संबधित एसओ को निर्देशित किया। कार्य में लापरवाही बतरने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी। त्योहार को शांति पूर्ण ढंग से संपंन कराने के लिए सतर्क रहे।
एसपी ने शासन की मंशा का जिक्र किया और कहा कि थानों पर पहुंचने वाले पीड़ितों को न्याय मिले। पुलिस फरियादियों से मित्रवत व्यवहार करें। अगर किसी की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लंबित मामलों का जल्द पर्दाफाश करें।
क्षेत्र के अपराधियों की लोकेशन की जानकारी रखे। कई ऐसे अपराधी है जो क्षेत्र में है, लेकिन उसकी जानकारी किसी के पास नहीं है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करे। अपराधियों की हिस्ट्रीशीट को खोला जाए। थानों के रजिस्टर नंबर आठ को अपडेट रखें।
थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। कमियां मिलने पर विभागीय कार्रवाई होगी। वर्दी को लेकर एसपी संजीदा दिखे, कहा कि पुलिस की पहचान उसकी वर्दी होती है, ढीले-ढाले व लुंज-पुंज रहने से काम नहीं चलने वाला।
साफ सुथरी व फिट वर्दी पहनने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान एएसपी मंशाराम गौतम, सीओ सदर अकमल खान, बांसी देवीदयाल, इटवा दीप नारायण तिवारी, डुमरियागंज राजपाल सिंह, एसओ सदर शिवाकांत मिश्रा, मोहाना अनूप शुक्ला, उसका बाजार योगेंद्र सिंह यादव, शोहरतगढ़ मानवेंद्र सिंह, जोगिया डा. उपेंद्र राय, बांसी शमशेर बहादुर सिंह, ढेबरूआ इंद्रजीत यादव, चिल्हिया अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।