गोरखपुर जाने वाली बसों में सर्वाधिक भीड़, फरेंदा व नौतनवां के लिए भी सीटों की मारामारी
महराजगंज। सहालग पर होलाष्टक का ब्रेक लगा हुआ है। इसके बावजूद रोडवेज बसों में यात्री नहीं घट रहे हैं। स्थिति यह है कि महराजगंज डिपो की अधिकतर बसों में यात्री खड़े होकर सफर कर रहे हैं।
बुधवार शाम चार बजे बस स्टेशन से लगातार चार रोडवेज बसें यात्रियों से भरी निकली जिनमें यात्री खड़े दिखे। बस स्टेशन के भीतर एक रोडवेज गोरखपुर के लिए लगी थी लेकिन इसके आधे यात्री नीचे खड़े थे तो बाकी सीटों पर बैठे हुए थे। बस परिचालक राकेश खड़ी बस में ही यात्रियों का गंतव्य पूछकर टिकट काटते मिले। राकेश ने बताया कि भीड़ की अधिकता के कारण यात्रियों के बस में आने के साथ ही टिकट काट रहे हैं जिससे बाकी यात्री जो नीचे खड़े हैं। वह जब सवार हों तो टिकट काटने के लिए मशक्कत न करनी पड़े। बताया कि सर्वाधिक भीड़ गोरखपुर, नौतनवां व फरेंदा के लिए है। भीड़ सहालग के साथ त्योहार का भी है जिससे बसें कम पड़ रही हैं।
फरेंदा व नौतनवां के लिए भी भरी निकली बस
बस स्टेशन प्रतीक्षालय में अनीता प्रजापति व सरिता अपने बच्चों संग फरेंदा के लिए बस का इंतजार करती मिलीं। उन्होंने बताया कि एक बस आधा घंटे पहले गई लेकिन भीड़ की अधिकता के चलते उसमें जगह नहीं मिली। बताया जा रहा है कि अगली बस शाम पांच बजे के बाद मिलेगी। पहुंचने में देर हुआ तो गोंडा जाने वाली ट्रेन छूट जाएगी। गोरखपुर जाने वाले यात्री मुकेश, आशीष, राजमती, ललिता ने बताया कि वह लोग गोरखपुर जाने के लिए एक घंटे से इंतजार कर रहे थे। तीसरी बस में सीट मिल सकी।
वर्जन
होली अवकाश होने लगे हैं जिसके कारण जनपद में कार्य करने वाले कर्मचारी अब अपने गांव घर निकलने लगे हैं। जिसके कारण भीड़ बढ़ी है। डिपो से 76 बसों का संचालन किया जा रहा है।
-सर्वजीत वर्मा, एआरएम
महराजगंज से पडरौना के लिए सेवा प्रारंभ
महराजगंज। बृहस्पतिवार महराजगंज डिपो से पडरौना जनपद के लिए नई सेवा प्रारंभ की गई। एआरएम महराजगंज सर्वजीत वर्मा ने पडरौना जाने वाली बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बताया कि पिछले दिनों रूट का सर्वे कराया गया था। इसी सर्वे के आधार पर बृहस्पतिवार से संचालन शुरू किया जा रहा है। बस संख्या 5007 सुबह सात बजे पडरौना के लिए महराजगंज डिपो से निकलेगी और 10 बजे वहां से वापस लौटेगी। यह बस प्रतिदिन दो फेरे लगाएगी। संवाद