जिला नगरीय विकास अभिकरण, डूडा के कार्यों की समीक्षा बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने, फाॅगिंग, नाले की सफाई कराएं, साथ ही नगर पालिका क्षेत्रों में सड़कों को गड्ढामुक्त कराएं। ये बातें डीएम पवन अग्रवाल ने कैंप कार्यालय पर जिला नगरीय विकास अभिकरण, डूडा के कार्यों की समीक्षा बैठक में कहीं।
जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, दीन दयाल उपाध्याय- राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बाहुल्य बस्ती योजना की प्रगति की समीक्षा की। साथ ही मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बाहुल्य बस्ती योजना से प्राप्त प्रस्तावों के विवरण आदि की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के जिन लाभार्थियों की दूसरी, तीसरी किस्त न मिली हो उन्हें शीघ्र दिलाएं। पीएम स्वनिधि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ऋण दिलाकर लक्ष्य पूर्ण करे। नगर पालिका की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बड़ी दुकानों पर पॉलिथीन की रोकथाम के लिए छापेमारी करे। सभी वार्डों की नियमित साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बांसी को डंपिंग ग्राउंड पर एमआरएफ सेंटर क्रियाशील कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम उमाशंकर, ईओ विंध्याचल, मुकेश चौधरी, संदीप कुमार उपस्थित रहे।