संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। शहर के मुख्य मार्ग किनारे बनी नाली के बीच संकरी जगह तो छूटी है लेकिन फुटपाथ का निर्माण नहीं कराया गया है। वहीं, स्टेशन रोड और बर्डपुर रोड पर भी जिम्मेदार फुटपाथ बनाना भूल गए हैं। इससे पैदल राहगीरों को सड़क किनारे या नाली से होकर गुजरना मजबूरी है। ऐसे में पैदल राहगीरों को हादसे का खतरा रहता है।
शहर के भीड़भाड़ वाले प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ का निर्माण नहीं हो सका है। शहर के मुख्य मार्ग का पांच वर्ष पूर्व चौड़ीकरण कर बीच डिवाइडर तो बना दिया गया लेकिन सड़क किनारे फुटपाथ का निर्माण नहीं कराया गया। इसके बाद सड़क किनारे नाली का भी निर्माण भी कराया गया लेकिन बीच में छूटी जगह अभी भी कच्ची है। बारिश के दौरान यहां कीचड़ जैसे हालात हो जाते हैं। इससे पैदल चलने वाले लोगों के साथ ही वाहन चालक भी सांसत झेलते हैं। वर्तमान में भी मुख्य मार्ग समेत अन्य सड़कों के किनारे नाली का निर्माण कराया जा रहा है लेकिन फुटपाथ का निर्माण नहीं हो पाया है।
वहीं, अतिक्रमण करने वाले दुकानदार नाली के साथ सड़क किनारे के हिस्से पर भी कब्जा जमा चुके है, जिससे चौड़ीकरण के बाद भी मुख्य मार्ग संकरा हो गया है। इसके साथ ही दुकानों के सामने सड़क पर वाहन खड़ा करने से वाहन चालकों के साथ पैदल राहगीरों को भी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है।