सिविल इंजीनियर की हादसे में मौत
बांसी कोतवाली क्षेत्र के फजिहतवा नाले के पास हुआ हादसा
मोहाना थानाक्षेत्र के बर्डपुर का निवासी था इंजीनियर शहमीर
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/बर्डपुर। बांसी कोतवाली क्षेत्र के ककरही-बांसी मार्ग पर स्थित फजिहतवा नाले के पास बृहस्पतिवार की देर रात सड़क हादसे में जेएसपी के इंजीनियर की मौत हो गई। वह बांसी को घर लौट रहा था, तभी हादसा हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोहाना थानाक्षेत्र के बर्डपुर बाजार निवासी शहमीर सिद्दीकी (24) पुत्र सगीर सिविल इंजीनियर था। वह बांसी जेएसपी प्रोजेक्ट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार की देर रात बांसी से वह अपने घर लौट रहा था। अभी ककरही-बांसी मार्ग पर स्थित बांसी कोतवाली क्षेत्र के फजिहतवा नाले के पास पहुंचा था कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। हादसे में वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी बांसी कोतवाली को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे बांसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाई, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की जानकारी परिजनों को देने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध मेें कोतवाल बांसी शैलेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।