बांसी। खेसरहा के प्राथमिक विद्यालय भूपतिजोत में बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कंपोजिट ग्रांट मद से आरओ प्लांट स्थापित किया गया। साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत सभी 186 छात्र-छात्राओं को पानी की बोतलें वितरित की गईं।
खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार सिंह के मार्गदर्शन और अभिनव पहल के तहत हुए इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आरओ प्लांट से शुद्ध पानी भरकर खुशी जताई। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य का संरक्षण करना है।
प्रधानाध्यापक धीरज प्रसाद गौड़ ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण का भी विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। आरओ प्लांट स्थापित होने से अब विद्यार्थियों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल मिलेगा। प्रत्येक छात्र-छात्रा को अलग-अलग पानी की बोतल उपलब्ध कराई गई है, जिससे वे विद्यालय में सुरक्षित और स्वच्छ पानी का उपयोग कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य संरक्षण के लिए भी लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों, कर्मचारियों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। विद्यालय परिसर में आरओ प्लांट और बोतल वितरण को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।