बीती रात साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गए अधेड़ का शव ढेबरुआ थाना क्षेत्र के कठेला चौकी अंतर्गत भैंसाही घाट के पास नदी के किनारे रविवार को मिला। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त थाना क्षेत्र के ग्राम तालकुंडा के टोला गोनहा निवासी चुल्हई (45) के रूप में किया।
मृतक के गले में दबाव का निशान मिलने से लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए चार व्यक्तियों को थाना पर बैठाया है। चुनावी रंजिश में हत्या की आशंका से भी पुलिस इंकार नहीं कर रही है।
मृतक की पत्नी फूलमती के मुताबिक पति के साथ शनिवार को कठेला के साप्ताहिक बाजार में मूली बेचने गई थी। बीती शाम करीब साढ़े सात बजे दोनों भैंसाही घाट पहुंचे तो पति को ग्राम ककरा निवासी वीपत मल्लाह ने बात करने के बहाने से रोक लिया। पति व वीपत ने घर भेज दिया, वह घर आ गई।
पति के एक पट्टीदार प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हैं। अक्सर चुनाव प्रचार में रहने के कारण घर पर देर रात को वापस लौटना होता रहा। सुबह करीब 6 बजे देखा कि पति वापस नहीं लौटे तो बड़े पुत्र विजय को पिता की तलाश में भेजा। तभी गांव में हल्ला हो गया कि घाट पर एक व्यक्ति की लाश मिली है, जाकर देखा तो पति का शव था।
मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक के गले में सूजन मिला, जिस पर हत्या की आशंका को देखते हुए भैंसाही घाट पर रुकने वाले व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने पर बैठा लिया है।
इस संबंध में एसओ ढेबरुआ इंद्रजीत यादव ने कहा कि लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। वीपत सहित कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसपी अजय कुमार साहनी ने बताया कि पुलिस चार लोगों की भूमिका को संदिग्ध मानकर उनसे पूछताछ कर रही है। चुनावी रंजिश को भी एक कारण मानते हुए तफ्तीश की जा रही है। मामले का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।