संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। शोहरतगढ़ में बस अड्डा बनने की स्वीकृति मिलने के बाद भी जमीन न मिलने से निर्माण कार्य नहीं शुरू हो पा रहा है। कस्बे में बस अड्डा न होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। बस रुकने का कोई निर्धारित स्थान न होने से यात्री सड़क पर जगह-जगह खड़े रहते हैं।
गर्मी के दिनों में जहां उन्हें खुले आसमान के नीचे खड़े रहना पड़ता है, वहीं ठंड में ठिठुरन सहनी पड़ती है।
बस गुजरने पर यात्री दौड़ भाग का उसमें सवार होते हैं। इस भागदौड़ में वह कई बार बस में चढ़ते समय गिर पड़ते हैं।
क्षेत्र के तमाम लोग दिल्ली, बनारस, बलरामपुर, मुंबई, लखनऊ आदि महानगरों सहित जिले के अन्य स्थानों पर आवागमन करते हैं। ऐसे में बस अड्डा न होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बस अड्डा न होने से यात्रियों के ठहरने, बैठने समेत बसों के आवागमन की जानकारी नहीं मिल पाती है।
कस्बे में ठहराव का स्थान निर्धारित नहीं होने से गोरखपुर, सिद्धार्थनगर व बलरामपुर, बढ़नी की तरफ आने वाले रोडवेज बस के चलते कस्बे में अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
कस्बे व क्षेत्र की जनता की मांग पर शोहरतगढ़ में बस अड्डा बनवाने के लिए विधायक विनय वर्मा के प्रयास के बाद शासन से स्वीकृति मिली।
तीन साल का समय बीतने के बाद भी राजस्व विभाग की टीम अभी तक जमीन नहीं तलाश कर पाई है। ॉ