परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने की मांग
छात्रों ने कुलपति को संबोधित ज्ञापन प्राचार्य को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
इटवा। डॉ. राममनोहर लोहिया पीजी कॉलेज इटवा के बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के छात्रों ने सोमवार को प्राचार्य अष्टभुजा पांडेय मिले। कुलपति को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपकर परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने की मांग की।
बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के छात्र-छात्रा ने कहा कि उन लोगों की प्रथम सेमेस्टर की लिखित परीक्षा दिसंबर वर्ष 2019 से जनवरी 2020 के बीच रतनसेन डिग्री कॉलेज बांसी व प्रायोगिक परीक्षा फरवरी वर्ष 2020 में महाविद्यालय में हुई थी। कोरोना संक्रमण के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्रों को उत्तीर्ण मानते हुए माह जून में प्रोन्नति करते हुए पुन: द्वितीय सेमेस्टर के लिए रजिस्ट्रेशन व परीक्षा फार्म आनलाइन सब्मिट करवा लिया जिसके बाद हम सभी छात्र अगले सेमेस्टर के लिए महाविद्यालय के माध्यम से संचालित पाठ्यक्रमों का पठन-पाठन भी कर रहे हैं। मगर अब तीन माह बाद विवि द्वारा परीक्षाफल घोषित करते हुए कुछ छात्र-छात्राओं को उत्तीर्ण व कुछ को अनुत्तीर्ण घोषित किया गया है जो उचित नहीं है। महाविद्यालय के प्राचार्य अष्टभुजा पांडेय ने बताया कि छात्रों ने परीक्षा परिणाम को निरस्त करने की मांग के संबंध में ज्ञापन सौंपा है। उसे शीघ्र ही कुलपति को सौंप दिया जाएगा। इस दौरान छात्र अवनीश तिवारी, निखिल पांडेय, धनीराम, सौरभ मिश्र, विकल्प कुमार, सौरभ शुक्ल, बृजेश यादव, संदीप यादव आदि मौजूद रहे।