तहसीलदार को सौंपी गई बिजली आपूर्ति व्यवस्था
डुमरियागंज। विद्युत निगम के कर्मचारियों की प्रदेश व्यापी हड़ताल और कार्य बहिष्कार के चलते बुधवार की देर रात तक लाइन ब्रेक डाउन हो जाने के बाद आपूर्ति बाधित हो गई थी। उससे निपटने के लिए एसडीएम ने तहसीलदार और नायब तहसीलदार को विद्युत व्यवस्था को बहाल रखने की जिम्मेदारी सौंपी है। साथ ही लोकल फाल्ट होने पर शटडाउन के लिए भी नायब तहसीलदार को अधिकृत किया गया है।
डुमरियागंज क्षेत्र के सिरसिया स्थित पॉवर हाउस से डुमरियागंज विद्युत उपकेंद्र को आई 33 हजार वोल्ट की लाइन बुधवार की शाम को करीब चार बजे ब्रेक डाउन हो गया था। और विद्युत कर्मियों की हड़ताल के चलते देर रात तक आपूर्ति बाधित रही। उसके बाद एसडीएम ने तहसीलदार को सिरसिया पावर हाउस भेज कर सिंचाई विभाग व अन्य विभागों के जरिए वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने तथा आईटीआई के सीनियर छात्रों से भी सहयोग लेने के लिए कहा था।
विद्युत निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों की हड़ताल के चलते क्षेत्र की आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित ना हो इसको लेकर शुक्रवार की शाम एसडीएम कुणाल सिंह ने सिरसिया पावर हाउस पहुंचकर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया और आपूर्ति व्यवस्था बहाल रखने के लिए अपने मातहत अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस संबंध में तहसीलदार अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विद्युत निगम कर्मचारी संगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर डुमरियागंज क्षेत्र के भी विद्युतकर्मी हड़ताल और कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित ना हो, इसको लेकर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। सिरसिया पावर हाउस पर नायब तहसीलदार आनंद कुमार ओझा को तैनात किया गया है, जो शट डाउन के लिए अधिकृत किए गए हैं।
बिजली कर्मियों का कार्य बहिष्कार जारी
सिद्धार्थनगर। मांगों के समर्थन में बिजली कर्मियों का कार्य बहिष्कार शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी रहा। ऊर्जा निगमों के शीर्ष प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए बिजली कर्मचारी, जिला मुख्यालय स्थित विद्युत निगम कार्यालय पर विरोध सभा में जमे रहे।
बिजली कर्मियों ने टकराव के लिए शीर्ष प्रबंधन की नकारात्मक व हठधर्मी कार्यप्रणाली को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही चेयरमैन पर सरकार को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए ऊर्जा मंत्री से प्रभावी हस्तक्षेप की अपील की। इस दौरान अधिशाषी अभियंता आरके कुशवाहा, मनीष श्रीवास्तव, सहायक अभियंता दीपक सिंह, आशुतोष अग्रहरि, अवर अभियंता पंकज विश्वकर्मा, यादवेश राय, राम सुमेर, नीरज सुमन, फिरोज अहमद, दीना नाथ आदि मौजूद रहे।