सिद्धार्थनगर में हुई समीक्षा बैठक में मौजूद अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
अच्छी-खासी सड़क की भी खुदाई करने और फिर घटिया निर्माण पर विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय ने आरईएस के अभियंताओं को जमकर लताड़ लगाई। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यदायी संस्थाओं को हिदायत दी कि निर्माण में गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
करीब डेढ़ घंटे तक चली समीक्षा बैठक में आरईएस के एक्सईएन को तलब करते हुए सड़कों के बारे में रिपोर्ट मांगी। सिंगारजोत की निर्माणाधीन सड़क खराब स्थिति में मिली। करहिया-पकड़ी पठान और सिंगारजोत-सहियापुर की स्थिति भी बदतर थी। मुड़िला-पकड़ी पठान की सड़क चलने योग्य होने के बावजूद खुदाई किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एक्सईएन को मौके पर जाकर निरीक्षण के निर्देश दिए।
सड़कों की मरम्मत व अधूरी सड़कों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को इस्टीमेट तैयार कर भेजने को कहा, जिससे धन आवंटित कराया जा सके। ड्रेनेज खंड के अधिकारियों को टूटे बंधे का निर्माण और खराब नलकूपों को क्रियाशील कराकर गड्ढों में पानी भरने का निर्देश दिया जिससे पशु पेयजल की समस्या का समाधान हो सके। सभी नवनिर्मित वाटर टैंकों को चालू कराने की भी हिदायत दी।
उन्होंने सभी कार्यदायी विभागों के अफसरों को निर्देश दिया कि जिला योजना वर्ष 2015-16 के अंतर्गत बजट आवंटन लक्ष्य के सापेक्ष नहीं हुआ है तो इसकी सूची दें, खुद वित्त सचिव से मिलकर पूर्ण विनियोग से बजट आवंटन करा जाएगा।
समीक्षा बैठक में सपा जिलाध्यक्ष अजय चौधरी, राज्य कार्यकारिणी सदस्य उग्रसेन सिंह, प्रभारी सीडीओ प्रदीप कुमार पांडेय, सीएमओ डॉ.जीसी श्रीवास्तव, डीएसटीओ राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।