-भनवापुर और डुमरियागंज मे 1621 गृह स्वामियों को मिला स्वामित्व प्रमाणपत्र
-लोगों को दिलाई गई स्वच्छता और नशामुक्ति की शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
डुमरियागंज। तहसील के भनवापुर ब्लाॅक परिसर और डुमरियागंज तहसील में शनिवार को स्वामित्व कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपस्थित लोगों को स्वच्छता एवं नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। डुमरियागंज तहसील में 172 व भनवापुर ब्लाॅक में 100 लोगों को स्वामित्व कार्ड प्रदान किया गया। पीएम मोदी व सीएम योगी का लाभार्थियों से संवाद का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
डुमरियागंज ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि अभी तक गावों के घरों के कोई दस्तावेज गृह स्वामी के पास नहीं थे। न ही उनके घर का सीमांकन ही था, जिससे लोगों में विवाद था, जिसे देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 अप्रैल 2020 को स्वामित्व योजना प्रारंभ की। तहसील प्रशासन की मदद से ड्रोन की सहायता से गांव स्थित घरों नक्शा बनवाया गया व उसका अभिलेखीकरण किया गया।
बीडीओ अमित सिंह ने बताया कि सुरजी, पोखरा कानूनगो, बघाड़ी, सोनारेडीह, बेवां हुसैन के 172 गृह स्वामियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र दिया गया है। एमडीएम डाॅ.. संजीव दीक्षित ने कहा कि घरौनी जारी होने से राजस्व विवाद में कमी आएगी। इसी प्रपत्र के आधार पर बैंक से लोन लेकर गृह स्वामी रोजगार भी शुरू कर सकते हैं। तहसीलदार रवि यादव ने बताया कि कार्यक्रम के अतिरिक्त क्षेत्रीय लेखपाल व सचिव तहसील के विभिन्न गावों में 1621 घरौंनी वितरण कर रहें हैं।
भनवापुर ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि लवकुश ओझा ने कहा कि प्रपत्र से गावों के विकास को गति मिलेगी। पेड़ारी मुस्तहकम, डेंग्हाजोत कस्तुरी, रमवापुर उर्फ नेबुआ, बिजवार बढ़ई, महनुआ खास आदि गांव के 100 लोगों में घरौनी वितरित की जा रही है। शेष का वितरण भी जल्द ही उनके गांवों पर ही कर दिया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार महबूब आलम, राजू पाल, सांसद प्रतिनिधि राजेश द्विवेदी, कमलेश चौरसिया, धनीराम चौरसिया, राम प्रताप, एडीओ पंचायत भनवापुर संजय पटेल, सचिव राहुल सिंह, विवेक कुशवाहा, हरिशंकर सिंह, प्रतीक रावत, विनीत सिंह आदि मौजूद रहे।