बसपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज हुआ केस, दूसरे पक्ष ने भी दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बसपा प्रत्याशी के नामांकन के बाद शनिवार को हुए बवाल मामले में जिलाध्यक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद व 15 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है। पुलिस ने बलवा, मारपीट और दलित उत्पीड़न के मामला में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उधर दूसरे पक्ष के चार लोगों ने भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बसपा प्रत्याशी मोहम्मद नदीम मिर्जा का पर्चा दाखिला कराने के बाद जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र गौतम व उपाध्यक्ष शमीम की अशोक मार्ग स्थित जनपद न्यायालय गेट के पास कार रोक बसपा कार्यकर्ताओं ने विरोध करते हुए हंगामा किया था। खेसरहा थाना क्षेत्र के सेमरा मुस्तहकन निवासी बसपा जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र गौतम ने पुलिस को तहरीर देकर विरोध करने वालों पर मारपीट, जातिसूचक गाली देने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि विरोध करने वाले पहले से घात लगाकर बैठे थे और वह उन्हें घेरकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिए। उनके साथ ही विपक्षियों ने उपाध्यक्ष शमीम अहमद को लात घूसे व जूता चप्पल से मारने पीटने लगे और उनका गला दबाने का प्रयास किया। पुलिस ने देउरापार निवासी मनीष कुमार, टिकरिया निवासी अखिलेश, तेतरी बाजार निवासी हरिनाथ यादव, निबी दोहनी निवासी विनोद विद्यार्थी, मुड़िला निवासी बृजमोहन, तेतरी बाजार निवासी फिरोज सिद्धिकी, शहर के कृष्णानगर निवासी चंद्रिका गौतम, नादेपार निवासी डाॅ. राजू राव, सोनवल निवासी राजगोपाल भारती और 15 अज्ञात लोगो के विरुद्ध केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में बलवा, मारपीट और दलित उत्पीड़न का केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। दूसरी तरफ से डॉ. राजू राव, मनीष गौतम, बृजमोहन गौतम, विनोद कुमार विद्यार्थी ने भी पुलिस को तहरीर देकर जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र गौतम और जिला उपाध्यक्ष शमीम अहमद पर मारपीट, जान से मारने की धमकी व जाति सूचक गाली देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।