भनवापुर ब्लाॅक क्षेत्र के श्रीराम जानकी मंदिर सिंगारजोत में विजय दशमी पर जलाया गया रावण का पुतला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। विजय दशमी के मौके पर मंगलवार को अनेक स्थानों पर बुराई के प्रतीक रावण के पुतले जलाए गए। पुतला दहन में लोग रोमांचित हुए तो मेले में भी आनंदित हुए। मेला स्थलों पर रावण वध का मंचन भी हुआ।
पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, पकड़ी क्षेत्र के टड़िया वैष्णो मंदिर में मंगलवार शाम 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। लंका विजय की कथा के समापन अवसर पर रावण का पुतला जलाया गया तो लोग राेमांचित हो गए। इस अवसर पर मेला लगाया गया।
जोगिया क्षेत्र प्रतिनिधि के अनुसार, विजयदशमी को जोगिया चौराहे पर मंगलवार रात को 16 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया।इस मौके पर आयोजित मेले में काफी संख्या में लोगों ने लुत्फ उठाया। सांसद जगदंबिका पाल ने रावण का पुतला जलाया।
लोटन क्षेत्र के करुवावल कला में आयोजित मेले में लोगों ने बुराई के प्रतीक रावण का पुतला जलाया। इस मौके पर रावण वध का मंचन भी हुआ।
भनवापुर प्रतिनिधि के अनुसार, जय श्रीराम के जयकारों के बीच मंगलवार को विजय दशमी के अवसर पर श्रीराम जानकी मंदिर परिसर सिंगारजोत में रावण का पुतला जलाया गया। अधर्म पर धर्म की, अन्याय पर न्याय की जीत के रूप में हर साल रावण का पुतला जलाया जाता है।
श्रीराम जानकी मंदिर के महंथ शत्रुघ्न पांडेय ने बताया कि श्रीराम जानकी मंदिर पर हर वर्ष शारदीय नवरात्र में श्रीराम लीला कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इसमें गांव के कलाकारों की ओर से मंचन किया जाता है। विजय दशमी के दिन कलाकारों ने बुराई के प्रतीक रावण का करीब 12 फीट का पुतला बना कर उसे जलाने का काम धर्म स्वरूप श्रीराम के अग्नि बाण से किया। जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र राममय हो गया।
इस अवसर पर राजमन मौर्य, पवन गुप्ता, बच्चा लाल शर्मा, उमेश पांडेय, गीता, जय प्रकाश पांंडेय, रवींद्र कुमार, रामराज आदि लोग मौजूद रहे।
फोटो-
रावण के पुतला दहन के साथ लगा दशहरा मेला
उसका बाजार। रामलीला बाग उसका राजा में मंगलवार को विजय दशमी के दिन आयोजित कार्यक्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। श्री पयोहारी आश्रम उसका राजा में शारदीय नवरात्र में प्रतिवर्ष भगवान राम की विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाता है। विजय दशमी के दिन रामलीला बाग में भव्य दशहरा मेले का आयोजन होता है। दोपहर बाद भगवान राम, लक्ष्मण, सीता सहित रामलीला बाग में गाजा-बाजा के साथ पहुंचे।
मेले में रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग की स्थापना, मेघनाथ वध, लक्ष्मण का मूर्च्छित होने का मंचन रामलीला बाग में हुआ। देर शाम मेला परिसर में बने भव्य रावण के पुतले का निर्धारित समय के अनुसार दहन किया गया। रावण का दहन होते ही काफी देर तक जय श्रीराम का उद्घोष लोग करते रहे।
इस दौरान सांसद जगदंबिका पाल, पूर्व विधायक विजय पासवान, हेमंत कुमार जायसवाल, राम सुरेश चौहान मनोज चौबे, सोमनाथ मिश्रा, शिवकुमार जायसवाल, हरिशंकर सिंह, शशिकांत जायसवाल आदि मौजूद रहे।