कलक्ट्रेट परिसर में मांगे पूरी न होने पर प्रदर्शन करते कोटेदार।
सिद्धार्थनगर। आदर्श कोटेदार एवं उपभोक्ता वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शनिवार को कोटेदार कलक्ट्रेट में एकत्र हुए। इसमें तौलकर राशन आवंटित करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में डीएम की अनुपस्थिति प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष सिद्धांत यादव ने कहा कि कोटेदारों का शोषण किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ई-चालान के माध्यम से 2022 में जमा की गई राशि को वापस किया जाए। सिंगल स्टेज डिलीवरी करने वाले ठेकेदार घर पहुंचाने के बजाए रास्ते में ही राशन उतार देते हैं। इस पर हर हाल में रोक लगाई जाए। सात माह से बकाया लाभांस अभी तक कोटेदारों को नहीं दिया गया है। जल्द से जल्द कोटेदारों को धनराशि दिलाई जाए। जनपद में खराब ई पास मशीन को सही करवाया जाए। पल्लेदारी के नाम पर होने वाली अवैध वसूली को बंद कराया जाए। इसके अलावा अन्य मांगों को जल्द पूरा किया जाए। कहा कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान घनश्याम शुक्ल, शिवसागर, जोखू प्रसाद, कामित्र चौबे, अवधेश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।