बांसी। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर तिलौली गांव के पास सड़क पर बाइक खड़ा करने पर विरोध जताना राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वी) सुधीर किसान पर भारी पड़ गया। दो युवकों ने उनके सिर पर प्रहार कर दिया। इससे उनका सिर फट गया। आसपास के लोग उन्हें तिलौती सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने बस्ती रेफर कर दिया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने बस्ती से लखनऊ रेफर कर दिया है। पुलिस ने दो लोगों पर जालनेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है।
क्षेत्र के तिलौली गांव निवासी राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष (पूर्वी) सुधीर किसान शनिवार को गांव के पास बांसी-बस्ती मार्ग पर खड़े थे। इसी बीच क्षेत्र के पथवा गांव निवासी राहुल और खेसरहा थाना क्षेत्र तुरसिया गांव निवासी राकेश बाइक लाकर पास में खड़ा कर दिए। आरोप है कि बाइक खड़ी करने पर सुधीर किसान ने विरोध जताया तो दोनों उन पर टूट पड़े और सिर पर प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण वह सड़क पर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उन्हें तिलौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बस्ती में चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। विवाद का कारण प्रधानी चुनाव को लेकर रंजिश बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में प्रभारी कोतवाल फकरे आलम ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचे थे। मिली तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।