भनवापुर क्षेत्र के शाहपुर सिंगारजोत मार्ग पर चढ़ा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। क्षेत्र से होकर जाने वाली राप्ती नदी एक बार फिर उफान पर हैं, जिसे देखकर तराई क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। पिछले एक सप्ताह से हो रही रुक रुक कर बारिश के साथ नेपाल द्वारा छोड़े गए पानी से राप्ती का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को क्षेत्र के शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर जूड़ीकुइयां, बेलवा दरिया बख्स व बिजौरा के बीच करीब 300 मीटर दूर तक एक से डेढ़ फिट पानी चढ़ गया है। लोगों ने कहा कि अगर इसी तरह जल स्तर बढ़ता रहा तो दो दिनों में शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर आवागमन बंद हो सकता है।
क्षेत्र के प्रमोद तिवारी, शिवप्रकाश मौर्य, वसीम अहमद, राज्जू तिवारी, हिमांशु मिश्रा, पंकज पांडेय, लब्लू श्रीवास्तव, रवी श्रीवास्तव आदि ने कहा कि दूसरी बार बाढ़ की आहट से धान की फसल को लेकर चिंता सता रही है।
-
इन मार्गों के साथ विद्यालय परिसर, गोशाला व पंचायत भवन में भरा पानी
भनवापुर। क्षेत्र के शाहपुर सिंगारजोत मार्ग, जूड़ीकुइयां खंता बेतनार मार्ग, पेंड़ारी मछिया मार्ग से सोनखर मार्गों पर बह रहे बाढ़ के पानी से होकर आना जाना लोगों की मजबूरी है। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बेलवा दरिया बख्स व पूर्व माध्यमिक विद्यालय जूड़ीकुइयां के परिसर में पानी भर गया। बिजौरा में बने गोशाला व पंचायत भवन में बाढ़ का पानी भर गया है।