सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली की सीमा पर स्थित ठोठरी बाजार में सोना बेचने के लिए बदमाशों ने महराजगंज के व्यापारी को रविवार शाम को बुलाया। व्यापारी आठ लाख रुपये लेकर पहुंचा। वहां मौजूद तीन बदमाशों ने उसे धक्का देकर सड़क गिरा दिया। इसके बाद रुपये से भरा थैला छीनकर भाग गए। बदमाशों ने बदले में सोना भी नहीं दिया। पीड़ित व्यापारी ने थाने में सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस पड़ताल कर रही है।
महराजगंज के कोल्हुई के बहदुरी बाजार निवासी ध्रुव कुमार वर्मा की आभूषण की दुकान है। ध्रुव के मुताबिक उन्हें सस्ता सोना देने के लिए कुछ लोगों ने लोटन थानाक्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित ठोठरी बाजार में बुलाया था। रविवार को शाम छह बजे ध्रुव आठ लाख रुपये थैले में रखकर ठोठरी बाजार पहुंचे। उनके पास इसी बीच तीन लोग पहुंचे। उनसे बातचीत शुरू की ध्रुव के मुताबिक तीनों ने बताया कि झोले में सोना रखे हुए है। एक हाथ सोना ले लो और दूसरे हाथ रुपये दे दो। इसके बाद बातों में उलझाकर आठ लाख रुपये से भरा झोला ले लिया। जब सोना मांगा तो गाली देते हुए पीटने लगे। उनकी पिटाई कर रुपये लेकर भाग गए। पीड़ित वहां से लोटन कोतवाली पहुंचे। वहां घटना की पूरी जानकारी दी। सूचना मिलने पर एसओ यशवंत सिंह व्यापारी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। वहां काफी देर तक आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि नेपाल के सोने को लेकर यहां अक्सर सौदा होता है। वह मामला रहा होगा। एसओ लोटन यशवंत सिंह ने बताया कि पीड़ित ने मौखिक सूचना दी है। जांच की जा रही है।