वॉटर प्रूफ लिफाफे में भेजी जाएगी राखी
डाकविभाग ने की राखी भेजने की विशेष व्यवस्था
22 अगस्त को मनाया जाएगा रक्षाबंधन पर्व
रबींद्र कुमार गुप्ता
डुमरियागंज। भाई-बहनों के अटूट स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व 22 अगस्त को है। बहनों की राखियां भाइयों की कलाई तक समय से पहुंचे, इसके लिए डाक विभाग ने विशेष प्रबंध किए हैं। आकर्षक रंग-बिरंगे लिफाफे तैयार कराए हैं। कीमत केवल दस रुपये है। हालांकि डाकघर से राखी भेजने का शुल्क अलग देना पड़ेगा। जिले के सभी डाकघरों में इसकी बिक्री 12 जुलाई से शुरू हो जाएगी। डुमरियागंज डाकघर के पोस्टमास्टर रामशब्द ने कहा कि बहनों की पसंद का खास ख्याल रखते हुए चार रंग में लिफाफे तैयार कराए गए हैं। वाटर प्रूफ लिफाफा होने की वजह से उसे सैनिटाइज किया जा सकता है। इस बार बहनें बेफिक्र होकर अपने भाइयों को राखियां भेज सकती हैं। लिफाफा खरीदने और राखी भेजने के लिए सभी उप डाकघरों में व्यवस्था रहेगी। डाक विभाग के लिफाफे पर रक्षाबंधन का बधाई संदेश भी लिखा रहेगा। इसकी खासियत, बारिश होने पर लिफाफा गलने का डर नहीं है। इसलिए राखी सुरक्षित और सैनिटाइज करके भेजी जा सकती है।
10 रुपये का होगा वाटरप्रूफ लिफाफा
डाक विभाग के अनुसार मात्र 10 रुपये का वाटर प्रूफ लिफाफा खास तौर पर राखी भेजने के लिए ही तैयार किया गया है। इस पर दस रुपये का डाक टिकट लगा है। कोई भी बहन चाहे तो इस लिफाफे में राखी के साथ चावल और रोली रखकर उसे स्पीड पोस्ट या साधारण डाक से भेज सकती हैं। इस कोरोना के काल में लिफाफा अगर कहीं सैनिटाइज किया जाएगा तो भी अंदर रखे सामानों को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा, क्योंकि लिफाफा वाटर प्रूफ है।