भारतभारी। डुमरियागंज क्षेत्र के सीएचसी बेंवा में विश्व जनसंख्या पखवाड़ा के तहत बृहस्पतिवार को परिवार नियोजन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें आशा, एएनएम और संगिनी को परिवार नियोजन की स्थायी और अस्थायी विधियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
परिवार नियोजन टीम के प्रशिक्षकों ने बताया कि जिले में कुल प्रजनन दर राज्य के औसत से अधिक है। इसलिए गर्भ निरोधक साधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने अनचाहे गर्भ और असुरक्षित गर्भपात से बचाव के लिए समय पर परिवार नियोजन विधियों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रशिक्षक अमृता ने परिवार नियोजन में पुरुषों की सहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। प्रशिक्षण के दौरान अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी, बीसीपीएम वीरेंद्र कुमार, राजेश कुमार, दुर्गेश, सचिन, नंदिता तिवारी और प्रियंका आदि मौजूद रहे।