बारिश के बाद गर्मी से मिली राहत, कीचड़ से सनी सड़कें
संवाद न्यूज एजेेंसी
सिद्धार्थनगर। पिछले कई दिनों से गर्मी से परेशान लोगों को बुधवार रात में हुई बारिश से मौसम में नरमी में आ गई है। वहीं बारिश के बाद नगर से गांव तक सड़कें कीचड़ से सन गई हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामान करना पड़ा। बारिश किसानों के लिए लाभदायक साबित हुई। रोपाई में लगे किसानों को सहूलियत मिली है।
धूप और उमस से पिछले गई दिनों से लोग परेशान थे। दिन में धूप और रात में हवा न चलने के कारण गर्मी से लोग परेशान थे। बुधवार रात में और बृहस्पतिवार भोर में बादल खूब बरसे। झमाझम बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं बारिश के कारण रोपाई में परेशानी झेल रहे किसान खेतों में पानी लग जाने से रोपाई शुरू कर दिए। किसान रामनरायन ने बताया कि बारिश न होने के कारण रोपाई नहीं हो पा रही थी। बारिश अच्छी हुई, इससे रोपाई में सहूलियत मिली है। अब आसानी से धान की रोपाई हो जाएगी। वहीं बारिश के बाद गांव से नगर तक सड़कें कीचड़ से सराबोर हो गईं। सड़क के गड्ढे में पानी भर जाने से लोगों को आने-जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। नगर के उसका मार्ग से बांसी तिराहा तक सड़क पर कीचड़ होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कटया दुबे गांव से भिटिया तक जाने वाली सड़क बारिश के बाद कीचड़ से सन गईं। राहगीरों को आने- जाने में बहुत परेशानी हुई। कृषि विज्ञान केंद्र सोहना के मौसम वैज्ञानिक सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि बारिश रोपाई करने वाले किसानों के लिए लाभदायक है। अभी बारिश होगी, किसान धान की रोपाई में तेजी लाएं। बारिश होने से गर्मी से राहत मिलने का आसार है।