जिला स्टेडियम में बारिश के दौरान हुआ ट्रायल।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
जीत के जज्बे के साथ बेटियों ने कीचड़ भरे मैदान में लगाई दौड़
सिद्धार्थनगर। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को प्रदेश स्तरीय महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता के खिलाड़ियों का ट्रायल चयन हुआ। दोपहर 12 बजे तक बारिश हुई, लेकिन उसके पहले ही एथलीट पहुंच चुकी थीं। बस्ती में बुधवार को ही मंडलीय ट्रायल होना है, इस कारण अधिकारियों ने कीचड़ युक्त मैदान में ही ट्रायल कराने का निर्णय किया। जीत का जज्बा ही है कि बेटियों ने गीले मैदान में दौड़ लगाई।
जिला स्तरीय ट्रायल में निशा कुमारी ने 1500 मीटर दौड़, फरीदा खातून ने ऊंची कूद, निधि चौरसिया ने भाला, एवं गोला क्षेपण, पिंकी चौरसिया ने 400 मीटर दौड़, ममता ने 800 मीटर दौड़ एवं 3000 मीटर दौड़, सेनू ने लंबी कूद, मनीषा चौरसिया ने डिस्कस क्षेपण, राधिका चौरसिया एवं तृप्ति मिश्रा ने 100 मीटर दौड़ व 200 मीटर दौड़, रमिता गुप्ता ने 100 मीटर हर्डल रेस में बेहतर प्रदर्शन किया। कोच सुमन सिंह, सत्य प्रकाश त्रिपाठी, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सोनू गुप्ता एवं कमलेंद्र चौधरी ने ट्रायल लिया। जिला क्रीड़ाधिकारी आशुतोष कुमार अग्निहोत्री ने बताया कि बारिश के बंद होने के बाद खिलाड़ियों का ट्रायल लिया गया। खिलाड़ियों में उत्साह है। बुधवार को टीम बस्ती में मंडलीय ट्रायल में शामिल होगी।