बाढ़ पीड़ितों तक नहीं पहुंच रही राहत सामग्री : विधायक
शोहरतगढ़। विधायक विनय वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री नहीं मिल रही है। बाढ़ राहत के लिए प्रशासन की तैयारी अधूरी है। कई गांव ऐसे हैं, जहां से शिकायतें आ रही हैं कि प्यास बुझाने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। बिजली कटौती हो रही है। लोगों के मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने डीएम से बाढ़ से प्रभावित टोलों में राहत सामग्री, पेयजल की आपूर्ति, गैस सिलिंडर की आपूर्ति, नाव की समुचित व्यवस्था की मांग की।
विधायक ने डीएम को पत्र लिखकर कहा कि क्षेत्र में बहने वाली घोरही, बानगंगा, बूढ़ी राप्ती नदियों का जलस्तर बढ़ने से 75 हजार से अधिक की आबादी बाढ़ की चपेट में है। शोहरतगढ़ क्षेत्र के दो दर्जन गांव बाढ़ प्रभावित हो गए हैं, जबकि बाढ़ बढ़ने का जोखिम है। ऐसी स्थिति में प्रशासन को और सक्रिय होने की आवश्यकता है।