संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर/ पकड़ी बाजार। जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर. ने जिला पंचायत की तरफ से शोहरतगढ़ क्षेत्र के बसौनी से पिपरा नायक (ग्राम बछड़ा बछड़ी) सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क खोदवाकर चेक की, जो मानक अनुरूप नहीं पाई गई।
इसके साथ कार्य समय से पूर्ण न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एक प्रतिशत कटौती करते हुए माह जून तक कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके बाद जिला पंचायत की ही पकड़ी बाजार मस्जिदिया मोड़ से संतोरी तक सड़क निर्माण का निरीक्षण किया। सड़क को खोदवाकर गुणवत्ता देखी और बगल में बनी पटरी को भी नपवाकर चेक किया। कार्य समय से पूर्ण न करने पर पांच प्रतिशत की कटौती करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने बुधवार को पकड़ी से पिपरी मार्ग पर जिला पंचायत विभाग से बन रहे नाली का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रयोग की गई सामग्री की गुणवत्ता सही नहीं पाई गई। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए जेई का स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। बता दें कि पकड़ी चौराहे पर मेन पीडब्ल्यूडी सड़क से पिपरी मार्ग पर विद्यालय के पहले नाले तक जिला पंचायत विभाग द्वारा 43 लाख की लागत से 500 मीटर नाली का निर्माण कार्य किया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने बुधवार को मौके पर पहुंच कर नाली के निर्माण देखा। नाली निर्माण में गुणवत्ता सही नहीं थी, नाली पुल के पास टूटा थी, ढक्कन भी नहीं लगा है। यहां उपस्थित जेई जयराम प्रसाद आर्या से जानकारी ली तो वह सही जवाब नहीं दे सके तो उनको फटकार लगाते हुए नाली सही कराने को कहा।
इस दौरान जिला पंचायत के अभियंता रघुवंश प्रसाद सिंह आदि गांव के लोग उपस्थित रहे।