सिद्धार्थनगर। त्याग बलिदान के पर्व बकरीद पर कुर्बानी को लेकर बकरों की खरीददारी शुरू हो गई है। मंगलवार को डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम हल्लौर स्थित मंगल बाजार बकरा मंडी में 7000 से 50 हजार रुपये तक के बकरों की बिक्री हुई। लोग अपनी हैसियत के मुताबिक बकरा और बकरी तथा भेड़ की खरीदारी करते हुए दिखाई दिए।
बकरीद का त्योहार इस बार 29 जून को मनाया जाना है। बकरीद पर मुस्लिम समुदाय के लोगों का बकरा, बकरी और भेड़ की कुर्बानी करने की परंपरा है। जिसको लेकर मंगलवार को डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम हल्लौर स्थित साप्ताहिक बाजार में विभिन्न जिले से ट्रकों से भरकर बकरा और बकरी लेकर व्यापारी मंडी में पहुंचे। जहां पर लोगों ने अपनी हैसियत और पसंद के मुताबिक बकरों की कुर्बानी के लिए खरीदारी की। बकरीद को लेकर पहली साप्ताहिक बाजार होने के चलते बाजार में महंगाई का साफ असर दिखाई दिया। जो बकरा पिछले वर्ष 5000 में बिक रहा था। इस बार 6000 और 7000 में मंडी में उपलब्ध रहा। सात से 50 हजार रुपये तक में बिका। बकरा मंडी में तुलसीपुर से आए बकरा व्यवसायी मनके ने बताया कि मंडी में वे 18 बकरा लाए थे। इसमें से 10 बकरे बिक गए है। आठ बकरे लेकर वापस जा रहे हैं। अगली बाजार में फिर आएंगे, वहीं हथपरा से आए शाकिर अली और सोतवा के नूरुल्लाह तथा सिसानियां के लालबाबू, गोंडा के जाबिर, बलरामपुर के राशिद ने आदि ने बताया कि आज बकरों की अच्छी बिक्री हुई है। महंगाई के बावजूद लोगों ने महंगे दाम पर बकरों को खरीदारी की है। बकरीद का त्योहार 29 को होना है। दो दिन पहले फिर मंडी लगेगी उम्मीद है कि सभी बकरे बिक जाएंगे और उन्हें अच्छा मुनाफा हासिल होगा।