पथरा बाजार उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्र का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। अघोषित बिजली कटौती से परेशान पथरा बाजार क्षेत्र के उपभोक्ता बुधवार की रात को उपकेंद्र परिसर में धरने पर बैठ गए। बृहस्पतिवार को जिम्मेदार अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ।
रात में बिजली कटौती के विरोध में विद्युत उपकेंद्र पथरा बाजार के उपभोक्ताओं ने जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि तिलक राम यादव की अगुवाई में बृहस्पतिवार को उपकेंद्र पर धरना दिया। इन लोगों ने विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारु रूप से चलाने की मांग की। साथ ही जेई दिनेश कुमार जायसवाल को इस आशय का एक ज्ञापन भी सौंपा।
धरने पर बैठे तिलक राम यादव ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से रात में बिजली की कटौती की जा रही है। कटौती के चलते उमस भरी गर्मी में लोगों की नींद तक पूरी नहीं हो पाती है। दो दिन बाद नवरात्र शुरू होने वाला है। इसके बावजूद विभाग की ओर से कटौती पर लगाम नहीं लगाई जा रही है।
इस संबंध में जेई दिनेश कुमार जायसवाल ने बताया कि ऊपर से जितनी बिजली मिल रही है, उसी हिसाब से आपूर्ति दी जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही कटौती से लोगाें को राहत मिल जाएगी।
इस दौरान ग्राम प्रधान मक्खन लाल, अब्दुल समद, नगेसर, कुंदन प्रताप, रामधनी, रवि अग्रहरि, राहुल, राजकुमार यादव, सुनील साहनी आदि मौजूद रहे।