कोटेदार पर राशन न देने का आरोप, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
-शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के ग्राम खेतवल मिश्र का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। तहसील क्षेत्र के ग्रामसभा खेतवल मिश्र के लोगों ने राशन न मिलने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कोटेदार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मंडलायुक्त, डीएम, जिला पूर्ति अधिकारी के साथ एसडीएम को शिकायती पत्र भेजकर कोटेदार पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोटेदार राशन देने से पहले सभी पात्र राशन कार्ड धारकों से अंगूठा लगवा लेते हैं और बाद राशन देने में आनाकानी करते हैं। इस मनमानी के चलते अधिकांश पात्र लाभार्थी राशन से वंचित हो जाते हैं। कोटेदार ने फरवरी माह में पात्रों से अंगूठा तो लगवा लिया लेकिन उन्हें आज तक राशन का वितरण नहीं किया। इस दौरान कमल किशोर, राजेश भारती, पिंटू गुप्ता, मनोज चौहान, जोनाही, फूल कुमारी, बैजनाथ कसौधन, पिंटू कसौधन, रामधनी, कमरुन्निशां, इशरावती, श्यामदुलारी, सुनीता, कैलाशी आदि ग्रामीण मौजूद थे। इस संबंध में कोटेदार राममिलन का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार है। गांव में राशन पर आने पर सबको बांटा जाता है।