बस्ती। जिले को अक्तूबर में मिला प्रोमेथाजीन इंजेक्शन का स्टॉक अधोमानक पाया गया है। औषधि विभाग की प्रयोगशाला में हुई जांच में नमूना फेल होने के बाद ड्रग वेयरहाउस से इसके वितरण पर रोक लगा दी। वेयरहाउस से 700 शीशी इंजेक्शन उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीएमएससीएल) को वापस कर दिए गए हैं।
ड्रग वेयरहाउस के प्रभारी ध्रुव चंद्र चौधरी के अनुसार सीएचसी-पीएचसी, जिला अस्पताल, महिला अस्पताल व कैली चिकित्सालय को मिलाकर महीने में पांच से छह हजार शीशी प्रोमेथाजीन इंजेक्शन की खपत होती है।
सरकारी अस्पतालों में आपूर्ति की जाने वाली दवाओं की गुणवत्ता जांच के क्रम में औषधि विभाग ने पिछले महीने वेयरहाउस से प्रोमेथाजीन इंजेक्शन का नमूना लिया था। जांच में इंजेक्शन में दवा की मात्रा मानक से कम पाई गई। इसके बाद शासन के निर्देश पर संबंधित बैच के स्टॉक के वितरण पर रोक लगा दी गई।
बस्ती ड्रग वेयरहाउस में उस बैच के इंजेक्शन की 700 शीशियां पहुंची थीं। स्वास्थ्य विभाग ने पूरी खेप यूपीएमएससीएल को वापस कर दी।