सिद्धार्थनगर। आयुष डॉक्टरों की सभी समस्याओं हल अवश्य निकाला जाएगा और उन्हें दूर करने का पूरा प्रयास करेंगे। ये बातें, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शहर के एक होटल में रविवार शाम आयोजित आयुष चिकित्सकों के सम्मेलन में कहीं।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि आयुष चिकित्सक इस देश की धरोहर हैं। उनकी समस्याएं संज्ञान में आई हैं, इसे एक सप्ताह के भीतर दूर करने का पूरा प्रयास करेंगे। जनरल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन आयुष के अध्यक्ष डॉक्टर केपी पांडेय ने कहा कि आयुष डॉक्टरों को झोलाछाप कहकर प्रताड़ित न किया जाए। आयुष चिकित्सकों के क्लीनिक पर पुलिस फोर्स लेकर ना जाए क्योंकि वह भी सरकार द्वारा पंजीकृत चिकित्सक होते हैं। जहां तक हो सके अगर कोई बात अवैध लगती है तो उन्हें स्पष्टीकरण के लिए समय दिया जाए ताकि वह वैध कागजात के साथ अपनी बात प्रशासनिक अधिकारियों के सामने रख सकें।
आयुष चिकित्सकों ने सांसद जगदंबिका पाल को समस्याओं के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विधायक श्याम धनी राही, विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिला संयोजक कन्हैया पासवान, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद माधव, सचिव डॉ. जावेद कमाल, डॉक्टर कमलेश मिश्रा, डॉक्टर नियाज अहमद मौजूद रहे।