तुलसियापुर। बढ़नी ब्लॉक के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुतहवा में स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हो गई है। अस्पताल में तैनात चिकित्सक के न बैठने की शिकायत होती थी। लेकिन उनका भी स्थानांतरण कर दिया गया और किसी अन्य की तैनाती भी नहीं की गई। ऐसे में अस्पताल चिकित्सक विहीन हो गया है। इलाज के लिए आने वाले 50 से अधिक गांव के लोगों के समक्ष इलाज का संकट खड़ा हो गया है। अब बीमारी होने पर आठ किमी बढ़नी या फिर 15 किलोमीटर शोहरतगढ़ जाए। क्षेत्रीय लोगों ने विधायक, डीएम और सीएमओ से अस्पताल में चिकित्सक की तैनाती करने की मांग की है।
बढ़नी ब्लॉक का तुलसियापुर चौराहे के आसपास के औदही कला, अहिरौला, मनिकौरा, मानपुर, तालकुंडा, पचऊध, मटियार उर्फ भुतहवा, गडऱखा, झिंगहा, मदरहिया आदि गांवों के हजारों क्षेत्रीय लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए अहिरौला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना लगभग 15 वर्ष पहले हुआ था। लेकिन कभी भी यह अस्पताल ग्रामीण इलाकों के मरीजों को अच्छी स्वास्थ्य सुविधा नहीं दे सका।
क्षेत्र के अजय वरुण, अशोक कुमार पासवान, राहुल शुक्ल, प्रदीप कुमार, राजेंद्र प्रसाद, महेंद्र शुक्ल आदि ने शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, डीएम पवन अग्रवाल व सीएमओ डॉ. डीके चौधरी से पीएचसी भुतहवा में चिकित्सक की तैनाती करने की मांग की है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. डीके चौधरी ने बताया कि मामले की जानकारी है। जल्द ही किसी चिकित्सक की तैनाती की जाएगी।
-
बोले लोग
शासन ने जिस मंशा से अहिरौला में पीएचसी का निर्माण करवाया था। उसका फायदा क्षेत्रीय लोगों को नहीं हुआ। अस्पताल की बिल्डिंग जर्जर है। ओपीडी सरकारी आवास में चल रही है। सीएमओ किसी ऐसे चिकित्सक की तैनाती करें जो अस्पताल में मरीजों का इलाज करें।
-प्रेमचंद, निवासी अहिरौला
-
दर्जनों गांवों के हजारों मरीजों को बढ़नी या तो शोहरतगढ़ जाना पड़ता है। चिकित्सा के क्षेत्र में पिछड़े इस क्षेत्र में बने इस अस्पताल में अगर अच्छी स्वास्थ्य सुविधा हो जाए तो क्षेत्रीय लोगों की एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा।
-मो. सफीक, निवासी मदरहिया