शोहरतगढ़। स्थानीय सीओ कार्यालय में शनिवार को क्षेत्राधिकारी (सीओ) मयंक द्विवेदी की अध्यक्षता में कम्युनिटी पुलिसिंग गोष्ठी और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध से बचाव और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
सीओ मयंक द्विवेदी ने कहा कि सजगता और सतर्कता से अधिकांश घटनाओं को रोका जा सकता है। किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क कर सहायता लें। उन्होंने लोगों से अपील की कि पारिवारिक और आपसी विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करें और छोटी-छोटी बातों पर झगड़े और विवाद से बचें।
उन्होंने कहा कि किसी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराना उचित नहीं है। इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है और आपसी संबंधों में कटुता बढ़ती है। गोष्ठी में साइबर अपराध से बचाव के उपायों और विभिन्न सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी गई।