सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए कसी कमर
संबद्ध महाविद्यालयों के केंद्राध्यक्षों के साथ कुलपति ने की बैठक
नकल कराने वाले परीक्षा केंद्रों के विरुद्ध होगी सख्त कार्रवाई
कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों में होने वाली सेमेस्टर और वार्षिक परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए केंद्राध्यक्षों एवं प्राचार्यों की बैठक बृहस्पतिवार को आयोजित की गई।
कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने कहा कि गुणवत्ता युक्त और शुचितापूर्ण परीक्षा संपन्न कराने में शिक्षक और विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। शिक्षक का धर्म है कि वह विद्यार्थियों में गुणवत्तायुक्त ज्ञान के साथ-साथ उत्तम नैतिक आचरण विकसित करें। इस दृष्टि से शिक्षा और परीक्षा की गरिमा छात्र और शिक्षक के हाथ में है। इन परिस्थितियों को स्वरूप प्रदान करने में प्राचार्य सहित विद्यालय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने सभी केंद्राध्यक्षों से नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि किसी केंद्र पर नकल कराने के साक्ष्य प्राप्त होंगे तो ऐसे परीक्षा केंद्रों को आगामी तीन सालों के लिए डिबार कर दिया जाएगा और उनके विरुद्ध अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक एवं कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि इस बार परीक्षा से संबंधित समस्त प्रपत्र और विस्तृत निर्देश महाविद्यालय के लॉगिन आईडी पर उपलब्ध करा दिया गया है। विद्यार्थियों के और विशेष रूप से छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अधिक परीक्षा केंद्र विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी बनाए गए हैं, ताकि परीक्षार्थियों को अधिक दूर परीक्षा देने न जाना पड़े। नकल विहीन परीक्षा कराने की पूरी जिम्मेदारी केंद्राध्यक्ष की होगी। विश्वविद्यालय स्तर पर भी शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए परीक्षा-वाररूम बनाया गया है, जो सभी परीक्षा केंद्रों से ऑनलाइन जुड़ा रहेगा। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र का सीसीटीवी कैमरा और वॉइस रिकॉर्डर बंद नहीं रहना चाहिए। विश्वविद्यालय स्तर पर वार रूम में सघन मॉनिटरिंग की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि आज रात तक सभी नोडल केंद्रों पर प्रश्न पत्र पहुंच जाएगा। इस अवसर पर अधिष्ठाता कला संकाय प्रो हरीश कुमार शर्मा ने भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की सेमेस्टर परीक्षा से संबंधित पाठ्यक्रम, वोकेशनल कोर्स एवं माइनर कोर्स के संबंध में उपस्थित केंद्राध्यक्ष से चर्चा की। इस दौरान अधिष्ठाता वाणिज्य संकाय प्रो दीपक बाबू, अधिष्ठाता विज्ञान संकाय प्रो देवेश कुमार, सहायक कुलसचिव डीएम यादव, शेख अंजुम, प्रो सुशील कुमार तिवारी, डॉ पूर्णेश नारायण सिंह, जनसंपर्क अधिकारी डॉ अविनाश प्रताप सिंह आदि मौजूद थे।