सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के योगमाया मंदिर के पास नदी में डूबने वाले जूनियर डॉक्टर और छात्र योगमाया मंदिर पर दर्शन करने के लिए गए थे। बताया जा रहा है दर्शन से पहले नदी में स्नान करने के लिए चले गए, जहां उनकी नहाते समय डूबकर मौत हो गई।
ऐसा घटना स्थल पर मौजूद लोगों में चर्चा है, उनका कहना था कि कार खड़ी करने के बाद चर्चा कर रहे थे कि पहले नदी में स्नान कर लिया जाएगा, फिर देवी मां का दर्शन किया जाएगा। लेकिन, दर्शन करने से पहले मौत का बुलावा आ गया और डूबकर उनकी जान चली गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार सीधे नदी के बांध पर पहुंची थी, जहां पेड़ के पास यह लोग रुके हैं। इसके बाद कुछ देर चर्चा की और फिर एक साथ चार लोग नदी में स्नान करने के लिए कूद पड़े। लोगों के मुताबिक, योगमाया मंदिर के पास गांव के लोग स्नान करते हैं, लेकिन उन्हें पता है कहां कितना गहरा है।
नदी एकाएक मुड़ी है, इसलिए वहां पर गहराई ज्यादा हो गई है। इन लोगों को पता नहीं था कि कितनी गहराई है। इसके साथ ही दोपहर होने के कारण बहुत कम लोग वहां पर रहते हैं। वे नहाते समय समझ ही नहीं पाए और गहरे पानी में जाने के से डूबने लगे। इसमें विनीत और नितेश को सुरक्षित निकाल लिया गया। जूनियर डॉक्टर पद पर कार्यरत सत्यम नायक (26) पुत्र संतराम निवासी गायघाट थाना कलवारी जनपद बस्ती, एमबीबीएस द्वितीय वर्ष 2024 बैच के छात्र सचिन महावर (22) पुत्र महेश निवासी सवाई माधोपुर राजस्थान की मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सचिन के पिता को हवाई जहाज से बुलवाया: मेडिकल कॉलेज प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मौत होने के बाद मृतक के परिवार को घटना के बारे में जानकारी दी गई। इसमें सत्यम पड़ोसी जनपद के बस्ती के रहने वाले थे, इसलिए जानकारी के बाद उनके परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज के लिए निकल गए हैं। जबकि सचिन राजस्थान है।
प्राचार्य राजेश मोहन के मुताबिक उनके पिता रिक्शा चालक हैं और आने में असमर्थ हैं, इसलिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से अपने खर्च पर उनके पिता को हवाई जहाज से बुलाया जा रहा है। वह भी पहुंच जाएंगे।