400 बेड क्षमता के दो एलवन अटैच अस्पताल तैयार
200 बेड एलवन अटैच अस्पताल जरूरत पड़ने पर रहेगा उपलब्ध
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण के बढ़ते केस के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग भी तैयारी कर रहा है। सरकारी अस्पताल के साथ ही निजी अस्पतालों को भी कोविड-19 मरीजों के इलाज के लिए तैयार किया गया है। सामान्य मरीजों को चिकित्सा सेवाएं पीएचसी, सीएचसी स्तर पर तो उपलब्ध कराई ही जा रही हैं जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक टेलीमेडिसिन सेवा दे रहे हैं।
जिले में अब तक 167 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। अब तक लगभग 4200 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। एक लाख से अधिक लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल के एमसीएच विंग के 200 बेड को क्वारंटीन वार्ड बनाया गया है। रघुवर प्रसाद जायसवाल इंटर कॉलेज में 200 बेड एल1 अटैच अस्पताल तैयार है। एल वन अस्पताल मेें असिंप्टमेटिक (लक्षणहीन) कोरोना संक्रमित मरीजों को आईसोलेट कर इलाज किया जाता है। सिद्धार्थ विवि में 200 बेड का एलवन अटैच अस्पताल जरूरत पड़ने पर उपलब्ध होगा। तहसील स्तर पर एक फैसलिटी क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। सेंटर को 3000 लोगों को क्वारंटीन किए जा सकता है। पांच फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटर के अलावा सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल करौंदा मसिना में एक मेडिकल क्वारंटीन सेंटर बनाया गया है। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि जिला अस्पताल में ट्र्ू नाट मशीन लगाई गई है। इससे प्रतिदिन 40 लोगों की जांच हो सकती है। अब तक 19 लोगों की जांच इस मशीन से हो चुकी है। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव और उपचार के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं।
21 निजी अस्पताल भी हैं
कोरोना संक्रमण की रोकथाम और उपचार के लिए प्रशासन ने जिले में 21 निजी अस्पतालों को हायर किया है। इन निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों की जांच और आइसोलेशन की सुविधा उपलब्ध है।
टेलीमेडिसिन सुविधा भी उपलब्ध
संक्रमण से रोकथाम के मद्देनजर जिला अस्पताल में सामान्य ओपीडी बंद है लेकिन इमरजेंसी ओपीडी सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। जिले में 14 सीएचसी पीएचसी पर सामान्य मरीजों के लिए ओपीडी सेवा भी दी जा रही है। सीएमओ डॉ. सीमा राय ने बताया कि सामान्य मरीजों को परामर्श और उपचार के लिए टेलीमेडिसिन सुविधा दी जा रही है। जिला अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक मोबाइल फोन पर मरीजों की परेशानी सुनकर लक्षण के आधार पर उन्हें सलाह देते हैं।