भवानीगंज थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा का है मामला
नवजात स्वस्थ्य, परिजन बिना पुलिस को शिकायती पत्र दिए घर लेकर गए शव
संवाद न्यूज एजेंसी
भवानीगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा में नार्मल डिलीवरी के बाद एक प्रसूता की शनिवार को मौत हो गई। मृतका की मां और भाई ने चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगाया है। हालांकि, उन्होंने इस मामले में पुलिस को न तो कोई शिकायती पत्र दिया और न ही शव का पोस्टमार्टम कराया है। वे शव को लेकर घर चले गए और नवजात स्वस्थ है।
क्षेत्र के बनकटी निवासी पूजा (24) देवी पत्नी दुर्गेश को शनिवार दोपहर में प्रसव पीड़ा होने पर उसकी सास और भाई उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा ले गए। जहां पर देखते ही चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। यहां दोपहर करीब 3 बजे नार्मल डिलीवरी हुई। कुछ देर बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी।
मृतक के भाई संदीप चौहान ने बताया कि डिलीवरी के लिए दोपहर 2 बजे सीएचसी में पहुंचे और डिलीवरी 3 बजे हुई। गर्भावस्था में खून जांच हुई थी खून की कमी नहीं थी। शाम 4 बजे उसकी तबीयत खराब हुई, चक्कर आने लगा ब्लड गिरने लगा तो कहा कि घर मत ले जाइए, ले चलिए भर्ती कर दीजिए। वहीं मृतका की मां विद्यावती पत्नी देवशरण ने बताया कि उसकी मृत्यु शाम करीब 5:30 बजे हुई, लेकिन उसके पहले ही उसको छोड़कर वहां के स्टाफ चले गए थे। इलाज सही से न करने की वजह से उसकी लड़की की मौत हो गई। इस मामले में उन्होंने मौखिक आरोप लगाया है। लिखित शिकायती नहीं दी है और शव को लेकर घर चले गए। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेंद्र कुमार बाजपेई ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच करके कार्रवाई की जाएगी।
-
महिला की नार्मल डिलीवरी हुई थी। बच्ची भी तीन किलो वजन की है और एकदम स्वस्थ है। डिलीवरी के बाद महिला भी ठीक थी। एक घंटे बाद उसने कहा कि उसे घबराहट हो रही है तो स्टाफ नर्स तारा पहुंची और डॉक्टर एमके वर्मा को बुलाया। उन्होंने जांच की तो बीपी और प्लस बहुत बढ़ गया था। दवा देकर कंट्रोल करने की कोशिश की गई। सुधार होने पर परिवार को स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए बस्ती के लिए रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस भी बुला ली गई, लेकिन प्रसूता के साथ दो महिलाएं आई थीं। वह कहने लगी परिवार आएगा तो हम लेकर जाएं और परिवार आ रहा है। यह करते करते समय लगा दिया और उसकी मौत हो गई। हार्ट बैठ चुका था, ऐसे में आशंका है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है। इलाज में कोई लापरवाही नहीं की गई है।
डॉ. श्रवण कुमार तिवारी, सीएचसी अधीक्षक बेंवा